
गोरखपुर में चोर बेखौफ (इमेज सोर्स- डाइनामाइट न्यूज)
Gorakhpur: उत्तर प्रदेश में गोरखपुर जिले के गुलरिया थाना क्षेत्र में चोरी की एक ऐसी वारदात सामने आई है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया है। बेखौफ बदमाशों ने इतनी शातिराना तरीके से चोरी को अंजाम दिया कि पुलिस भी चकरा गई।
जानकारी के मुताबिक, महराजगंज जनपद के पनियरा निवासी अजय प्रताप का ट्रैक्टर गुलरिया क्षेत्र में खड़ा था, जिसमें ईंटों से भरी ट्रॉली जुड़ी हुई थी। देर रात कुछ युवक वहां पहुंचे और ट्रैक्टर चालक से बातचीत शुरू कर दी।
बदमाशों ने बड़ी चालाकी से चालक को झांसे में लेते हुए कहा कि उन्हें रास्ता दिखा दें और बाद में ईंटें गिरवा दी जाएंगी। भरोसा दिलाने के लिए उन्होंने एक मोबाइल नंबर भी दिया। चालक उनकी बातों में आ गया और दो युवकों के साथ रास्ता दिखाने निकल गया, यहीं से चोरों ने अपना असली खेल शुरू किया।
जैसे ही चालक मौके से दूर गया, बाकी बदमाशों ने तुरंत ट्रैक्टर से ट्रॉली अलग कर दी और उस पर लदी ईंटों समेत फरार हो गए। पूरी वारदात इतनी तेजी और प्लानिंग से अंजाम दी गई कि किसी को भनक तक नहीं लगी।
कानपुर देहात में दर्दनाक हादसा: ट्रेन की चपेट में आकर अधेड़ की मौत, पढ़े पूरी खबर
कुछ देर बाद जब चालक वापस लौटा, तो ट्रैक्टर तो वहीं खड़ा मिला, लेकिन ट्रॉली और उस पर लदी ईंटें गायब थीं। यह देख उसके होश उड़ गए।
चालक ने तुरंत इस घटना की सूचना ट्रैक्टर मालिक अजय प्रताप को दी। जब बदमाशों द्वारा दिया गया मोबाइल नंबर मिलाया गया, तो वह स्विच ऑफ मिला। इससे साफ हो गया कि चोरी पूरी योजना के तहत की गई थी और बदमाश पहले से ही इसकी तैयारी कर चुके थे।
इस अनोखी चोरी की घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है और लोग हैरान हैं कि आखिर इतनी बड़ी चोरी कैसे हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही गुलरिया थाना पुलिस सक्रिय हो गई और मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि बदमाशों की पहचान की जा सके।
भगवान ऐसा दिन किसी को ना दे: तेज रफ्तार बस ने बच्चे को छोड़ दिया, लेकिन मां की ले ली जान
थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस की कई टीमें इस मामले पर काम कर रही हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। साथ ही चोरी गई ट्रॉली और ईंटों की बरामदगी के प्रयास भी किए जा रहे हैं।
वहीं, इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे चोरों के हौसले बुलंद हो गए हैं। स्थानीय निवासियों ने पुलिस प्रशासन से रात में गश्त बढ़ाने और सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
Location : Gorakhpur
Published : 12 April 2026, 11:30 PM IST