हिंदी
ताला तोड़ लाखों के सामान चोरों ने उड़ाया
Gorakhpur: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से हैरान करने वाली खबर सामने आई है। यहां गोला थाना क्षेत्रब के ग्राम सभा जिगनी बुजुर्ग में चोरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। ताजा मामले में अज्ञात चोरों ने पंचायत भवन का ताला तोड़कर कंप्यूटर समेत कई कीमती सामानों पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद पूरे गांव में भय और आक्रोश का माहौल है।
क्या है पूरी घटना?
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम प्रधान शांति देवी ने गोला थाने में दी गई लिखित तहरीर में बताया कि 25-26 मार्च की रात चोरों ने पंचायत भवन को निशाना बनाया। मुख्य गेट का ताला तोड़कर अंदर घुसे चोर सीधे सचिव कक्ष तक पहुंचे और वहां रखा कंप्यूटर सेट, इनवर्टर, बैटरी समेत अन्य जरूरी उपकरण उठा ले गए। सुबह जब ग्रामीणों को घटना की जानकारी हुई तो हड़कंप मच गया।
चोरियों से गांव के लोग खुद को असुरक्षित महसूस
ग्रामीणों का कहना है कि यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी गांव में पानी की टंकी का मोटर, बैटरी और सार्वजनिक शौचालय के नल चोरी हो चुके हैं। लगातार हो रही चोरियों से गांव के लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। ग्रामीणों ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि पूर्व की घटनाओं का अब तक खुलासा नहीं हो सका है, जिससे चोरों के हौसले बुलंद हैं।
दोषियों को गिरफ्तार करने की मांग
सूचना मिलने पर गोला पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने ग्राम प्रधान की तहरीर के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ बीएनएस की धारा 305 और 331(4) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द चोरी की घटनाओं का खुलासा करने और दोषियों को गिरफ्तार करने की मांग की है। उनका कहना है कि अगर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो चोरों का आतंक और बढ़ सकता है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है, लेकिन लगातार हो रही घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है।
Location : Gorakhpur
Published : 30 March 2026, 4:52 PM IST