
पांच शातिर चोरों को पुलिस ने किया गिरफ्तार
Kanpur Dehat: कानपुर देहात की शांत रात में एक ऐसा खेल खेला गया, जिसमें शटर कटा, कैमरे तोड़े गए और सबूत मिटाने की पूरी साजिश रची गई। शराब के ठेके को निशाना बनाकर चोरों ने इतनी सफाई से वारदात को अंजाम दिया कि सुबह तक किसी को भनक तक नहीं लगी। लेकिन इस बार पुलिस भी पूरी तैयारी में थी और आखिरकार इस चोरी के पीछे छिपे पूरे गैंग का पर्दाफाश हो गया।
कोतवाली क्षेत्र के भेवान गांव में स्थित एक कम्पोजिट शराब ठेके में चोरी की यह वारदात सामने आई। जानकारी के अनुसार 3 मार्च 2026 की रात सेल्समैन दुकान बंद कर घर चला गया था। इसके बाद 3 और 4 अप्रैल की दरम्यानी रात अज्ञात चोरों ने दुकान का शटर काटकर अंदर रखी अंग्रेजी शराब और बीयर पर हाथ साफ कर दिया। सुबह जब दुकान खोली गई तो टूटा शटर देखकर हड़कंप मच गया।
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और जांच शुरू की गई। सर्विलांस टीम को भी लगाया गया। मुखबिर की सूचना पर केसरी निवादा नहर पुल के पास सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। यहीं से पुलिस ने दो कारों में सवार पांच संदिग्धों को दबोच लिया। तलाशी के दौरान भारी मात्रा में चोरी का सामान बरामद हुआ, जिससे पूरे मामले का खुलासा हो गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 4 बोतल, 61 हाफ, 497 क्वार्टर अंग्रेजी शराब और 48 कैन बीयर बरामद की। इसके अलावा क्षतिग्रस्त डीवीआर, स्क्रीन, दो कारें और पांच मोबाइल फोन भी जब्त किए गए। यह बरामदगी इस बात का संकेत है कि चोरी की वारदात को बड़े स्तर पर अंजाम दिया गया था।
गिरफ्तार आरोपियों में अजीत सिंह उर्फ छोटू, नीतू, नूर आलम उर्फ ढुनकू, समीर खान और अभिषेक शामिल हैं। पूछताछ में सभी ने अपने तीन अन्य साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने की बात कबूल की। उन्होंने बताया कि पहले रेकी की गई, फिर योजना बनाकर शटर काटा गया और करीब 25 पेटी शराब व 3 पेटी बीयर चोरी कर कारों में भरकर फरार हो गए।
आरोपियों ने अपनी पहचान छिपाने के लिए ठेके में लगे सीसीटीवी सिस्टम को भी निशाना बनाया। डीवीआर और एलईडी को तोड़कर नहर में फेंक दिया गया ताकि कोई सबूत न बचे। हालांकि पुलिस ने उनकी निशानदेही पर क्षतिग्रस्त उपकरण भी बरामद कर लिए, जिससे केस और मजबूत हो गया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि ठेके से चोरी किए गए करीब 9 हजार रुपये उन्होंने आपस में बांटकर खर्च कर दिए। इससे साफ है कि गिरोह लंबे समय से इस तरह की वारदातों में शामिल रहा है।
Location : Kanpur Dehat
Published : 9 April 2026, 6:31 PM IST
Topics : Kanpur Dehat Police Kanpur dehat UP Police क्राइम