
आरोपी महिला गिरफ्तार
Greater Noida: ग्रेटर नोएडा की सूरजपुर थाना पुलिस ने जमानत प्रक्रिया के दौरान फर्जी दस्तावेज प्रस्तुत करने के आरोप में एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार इस महिला ने अपने बेटे को जमानत दिलाने के लिए न केवल आधार कार्ड और भू-खतौनी जैसे दस्तावेज नकली तरीके से तैयार करवाए, बल्कि उन पर पुलिस और लेखपाल की फर्जी मुहरें भी लगवाई।
क्या था मामला?
थाना प्रभारी सूरजपुर विनोद कुमार ने बताया कि गिरफ्तार महिला की पहचान समीना, निवासी बिशनपुरा सेक्टर-58, नोएडा के रूप में हुई है। समीना का बेटा रहीस वर्ष 2022 में दर्ज एक आपराधिक मामले में आरोपी है। बेटे को जमानत दिलाने के लिए महिला ने पूरी फर्जी कागजों की फाइल तैयार करवाई, जिसमें दस्तावेज बुलंदशहर के कथित निवासी जगदीश और राजवीर के नाम पर बनाए गए थे।
कैसे हुआ खुलासा?
इन दस्तावेजों पर स्थानीय लेखपाल और पुलिस अधिकारियों की नकली मुहरें भी लगाई गई थीं। समीना ने इन्हें अदालत में जमानत प्रक्रिया के दौरान पेश किया, लेकिन जांच के दौरान दस्तावेजों की सत्यता पर संदेह होने पर मामले की पड़ताल की गई। सत्यापन में पूरा फर्जीवाड़ा सामने आ गया।
Barabanki: ऑनलाइन उपस्थिति के विरोध में पंचायत सचिवों ने बांधी काली पट्टी, 5 दिसंबर को होगा धरना
पुलिस ने किया गिरफ्तार
इसके बाद सूरजपुर थाना पुलिस ने महिला के खिलाफ धोखाधड़ी, कूटरचना और जाली दस्तावेज तैयार करने व उपयोग करने की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। महिला इस मामले में वांछित चल रही थी, जिसके बाद पुलिस टीम उसकी लगातार तलाश कर रही थी। मंगलवार दोपहर समीना को नोएडा सेक्टर-58 से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस का बयान
थाना प्रभारी ने बताया कि अब पुलिस यह जांच कर रही है कि फर्जी दस्तावेज तैयार करने में कौन-कौन लोग शामिल थे। यह भी पता लगाया जा रहा है कि क्या यह एक संगठित गिरोह है और क्या इससे जुड़े लोगों ने पहले भी इस तरह के फर्जी दस्तावेजों के जरिए किसी और की जमानत कराई है।
Location : Greater Noida
Published : 2 December 2025, 6:35 AM IST