हिंदी
विजेता को पहनाया गया ताज
Barabanki: बाराबंकी में आदर्श मां सेवा संस्थान द्वारा प्रथम वार्षिक तीज महोत्सव का आयोजन पूरे हर्षोल्लास के साथ किया गया। बरसात के मनमोहक मौसम में आयोजित इस कार्यक्रम में शहर की महिलाओं ने पारंपरिक परिधानों, लोकगीतों और उत्सव की उमंग से समां बांध दिया।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, कार्यक्रम का आयोजन देसियान रेस्टोरेंट, बाराबंकी में किया गया, जहां बड़ी संख्या में महिलाओं ने प्रतिभाग कर इस पारंपरिक पर्व को आधुनिक अंदाज में मनाया।
संस्थान की बहनों ने निभाई अहम भूमिका
इस आयोजन की मुख्य संयोजिका रहीं पूजा निगम, जिनके संचालन और समर्पण से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। उनके साथ शेफाली निगम और नैनसी निगम का भी आयोजन में विशेष योगदान रहा। तीनों बहनों ने यह महोत्सव अपने पिता के सम्मान में प्रारंभ किया, जिससे कार्यक्रम को एक भावनात्मक और पारिवारिक आयाम भी मिला।
तीज क्वीन प्रतियोगिता रही मुख्य आकर्षण
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रही 'तीज क्वीन प्रतियोगिता', जिसमें महिलाओं ने पारंपरिक परिधानों में रैंप वॉक, लोकगीत गायन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इसके अंतर्गत, उमा देवी निगम, सुमन श्रीवास्तव और कमलेश शुक्ला ने प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका निभाई। शेफाली निगम को उनकी संपूर्ण प्रस्तुति के लिए *प्रथम तीज क्वीन' के ताज से नवाजा गया, जबकि दीपा गुप्ता को उपविजेता घोषित किया गया।
खेल, गीत और रंगों से सजी शाम
इस कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके बाद विभिन्न मनोरंजक खेलों का आयोजन किया गया, जिसमें महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। लोकगीतों की मधुर स्वर लहरियों से वातावरण में पारंपरिक तीज की खुशबू फैल गई।
संस्कृति को संजोने की अनूठी पहल
तीज महोत्सव के आयोजन का उद्देश्य महिलाओं को संस्कृति से जोड़ना, आत्मविश्वास बढ़ाना और सामाजिक एकजुटता को प्रोत्साहित करना रहा। आयोजकों ने बताया कि यह कार्यक्रम हर वर्ष इसी प्रकार से और बड़े स्तर पर आयोजित किया जाएगा, ताकि पारंपरिक त्योहारों को नई पीढ़ी के बीच जीवित रखा जा सके।
आदर्श मां सेवा संस्थान द्वारा आयोजित तीज महोत्सव ने न केवल बाराबंकी की महिलाओं को एक सशक्त मंच प्रदान किया, बल्कि संस्कृति और परंपरा को सम्मानपूर्वक मनाने की मिसाल भी पेश की। शेफाली निगम की जीत ने यह साबित किया कि जब मंच मिलता है, तो हर महिला के भीतर छिपी प्रतिभा उजागर होती है।
Location : Barabanki
Published : 5 August 2025, 3:48 PM IST
Topics : Adarsh Maa Sewa Sansthan barabanki news Teej Festival 2025 Teej Queen Contest women empowerment