
मिशन शक्ति अभियान (Img : Dynamite News)
सुलतानपुर: महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा को लेकर सुलतानपुर पुलिस ने मिशन शक्ति अभियान फेज-6 के तहत अपना अभियान तेज कर दिया है। गुरुवार को जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में एंटी रोमियो और मिशन शक्ति टीमों ने सार्वजनिक स्थानों पर पहुंचकर महिलाओं एवं बालिकाओं को जागरूक किया। पुलिस ने सुरक्षा के साथ-साथ साइबर ठगी से बचने और मुसीबत के समय तुरंत मदद लेने के तरीके भी बताए। यह अभियान पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के निर्देशन में चलाया गया।
अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने दुर्गा पूजा पंडालों, चौराहों, तिराहों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में भ्रमण किया। इस दौरान संदिग्ध रूप से घूमने वाले मनचलों पर नजर रखी गई। टीमों ने महिलाओं और बालिकाओं से बातचीत कर उन्हें अपने अधिकारों और सुरक्षा से जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी।
जागरूक अभियान
पुलिसकर्मियों ने ऑनलाइन धोखाधड़ी और सोशल मीडिया के जरिए होने वाले अपराधों को लेकर भी लोगों को सतर्क किया। उन्होंने कहा कि किसी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंक खाते की जानकारी और निजी दस्तावेज साझा न करें। साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 नंबर पर शिकायत दर्ज कराएं।
पुलिस टीमों ने महिलाओं और बेटियों को अलग-अलग हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। छेड़छाड़ या उत्पीड़न की स्थिति में 1090, आपातकालीन पुलिस सहायता के लिए 112 और महिला हेल्पलाइन 181 पर संपर्क करने की अपील की गई। इसके अलावा बच्चों की सहायता के लिए 1098, साइबर अपराध के लिए 1930 और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के लिए 1076 नंबर की जानकारी भी दी गई।
पुलिस विभाग ने महिलाओं और बालिकाओं से अपील की कि किसी भी तरह की परेशानी या असुरक्षा महसूस होने पर चुप न रहें। बिना डर के पुलिस को सूचना दें और उपलब्ध हेल्पलाइन सेवाओं का इस्तेमाल करें। पुलिस के अफसर ने बताया कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं को जागरूक करने के साथ उन्हें सुरक्षित माहौल और आत्मनिर्भरता के प्रति प्रोत्साहित करना है।
Location : Sultanpur
Published : 12 November 2026, 6:24 PM IST