हिंदी
Sultanpur: जनपद में आज समाजवादी पार्टी के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने मतदाता सूची में कथित गड़बड़ी के विरोध में कलेक्ट्रेट पर जोरदार प्रदर्शन किया। सपा का आरोप है कि जिले की विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में फॉर्म-7 का दुरुपयोग कर अल्पसंख्यक समुदाय के मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाने की साजिश रची जा रही है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि यह पूरा मामला लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रभावित करने और चुनाव से पहले मतदाता सूची में हेरफेर करने से जुड़ा है।
सपा नेताओं ने दावा किया कि गांवों और शहरी इलाकों में बड़ी संख्या में पहले से प्रिंट किए गए फॉर्म-7 भरकर जमा कराए जा रहे हैं, जिनका उद्देश्य खास वर्ग के मतदाताओं को मताधिकार से वंचित करना है। पार्टी ने इसे गंभीर संवैधानिक उल्लंघन बताते हुए तत्काल हस्तक्षेप की मांग की।
सपा प्रवक्ता अनूप संडा और इसौली विधायक मोहम्मद ताहिर खान की अगुवाई में हुए इस प्रदर्शन में कई गंभीर आरोप लगाए गए। सपा नेताओं का कहना है कि बड़ी संख्या में फॉर्म-7 एक ही व्यक्ति द्वारा एक ही तरह की लिखावट में भरे गए हैं। इन फॉर्मों में लगाए गए अंगूठे के निशान और हस्ताक्षर भी संदिग्ध हैं, जिससे यह आशंका और गहरी हो जाती है कि यह कार्य संगठित और योजनाबद्ध तरीके से किया गया है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कई मामलों में आपत्ति दर्ज कराने वाले लोग उस क्षेत्र के निवासी ही नहीं हैं, जहां के मतदाताओं के नाम काटने के लिए आवेदन किया गया है। सपा का कहना है कि यह प्रक्रिया चुनाव आयोग के नियमों और दिशा-निर्देशों का खुला उल्लंघन है।
प्रदर्शन के दौरान सपा कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे और जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा। ज्ञापन में मांग की गई है कि पूरे मामले की निष्पक्ष और विस्तृत जांच कराई जाए तथा दोषी पाए जाने वाले लोगों और संगठनों पर सख्त कार्रवाई भी की जाए।
Location : Sultanpur
Published : 3 February 2026, 7:17 PM IST
Topics : Political News sultanpur news UP News