
हर घर तिरंगा अभियान (Img: Dynamite News)
Sultanpur: सुलतानपुर में स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी ने हर घर तिरंगा अभियान की तैयारियां तेज कर दी हैं। 10 से 15 अगस्त तक चलने वाले इस अभियान के तहत जिले के गांव-गांव और वार्डों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पार्टी का उद्देश्य हर घर तक तिरंगा पहुंचाकर राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करना और अभियान को जन-आंदोलन का रूप देना है।
भाजपा जिला कार्यालय स्थित पंडित दीनदयाल सभागार में आयोजित कार्यशाला को मुख्य अतिथि एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष शंकर गिरि ने संबोधित किया। उन्होंने कहा कि तिरंगा केवल राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता, स्वाभिमान और स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान का प्रतीक है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे गांव-गांव और घर-घर जाकर लोगों को इस अभियान से जोड़ें और हर नागरिक को अपने घर एवं प्रतिष्ठान पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित करें।
शंकर गिरि ने कहा कि अभियान की सफलता में युवाओं की भागीदारी सबसे महत्वपूर्ण होगी। युवा मोर्चा, महिला मोर्चा, किसान मोर्चा और भाजपा के सभी प्रकोष्ठों को सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा और उत्साह से राष्ट्रभक्ति का संदेश समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचेगा। साथ ही सोशल मीडिया के माध्यम से भी अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करने पर जोर दिया गया, ताकि अधिक से अधिक लोग इसमें शामिल हो सकें।
भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील त्रिपाठी ने बताया कि अभियान को सफल बनाने के लिए जिला और मंडल स्तर पर समितियों का गठन कर जिम्मेदारियां तय कर दी गई हैं। सभी कार्यकर्ता पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ कार्यक्रमों में भाग लेंगे।
जिला मीडिया प्रभारी विजय सिंह रघुवंशी ने बताया कि 10 से 12 अगस्त तक सभी मंडलों में तिरंगा पदयात्राएं निकाली जाएंगी। 12 से 14 अगस्त तक स्वतंत्रता सेनानियों से जुड़े स्मारकों और सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता अभियान चलेगा। वहीं 13 अगस्त को जिला मुख्यालय पर विशाल तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और आमजन शामिल होंगे।
यह भी पढ़ें: Sultanpur: बारिश के बीच किसान पर टूटा कहर, एक झटके में उजड़ गया परिवार
अभियान के तहत 13 से 15 अगस्त तक प्रत्येक घर और प्रतिष्ठान पर तिरंगा फहराने के लिए जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा। 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर गोष्ठियां, श्रद्धांजलि कार्यक्रम और मौन जुलूस आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री विजय त्रिपाठी ने किया। अंत में जिलाध्यक्ष सुशील त्रिपाठी ने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया। कार्यशाला में पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Location : Sultanpur
Published : 6 August 2026, 1:33 PM IST