मैनपुरी में गैस सिलेंडर और पेट्रोल की कालाबाजारी पर सख्त एक्शन, डीएम अंजनी कुमार सिंह ने कहा- जेल भेज दूंगा

मैनपुरी में गैस सिलेंडर, पेट्रोल और डीजल की कालाबाज़ारी को लेकर जिला प्रशासन सख्त हो गया है। डीएम अंजनी कुमार सिंह ने चेतावनी दी है कि गैस या तेल की कालाबाज़ारी करने वालों और अवैध भंडारण करने वालों को जेल भेजा जाएगा। साथ ही केवाईसी के नाम पर ठगी करने वालों पर भी कड़ी कार्रवाई की बात कही गई है।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 12 March 2026, 2:06 PM IST

Mainpuri: अंतरराष्ट्रीय तनाव के बीच जब आम लोगों के घरों में रसोई का चूल्हा जलाना मुश्किल होने लगा है, उसी वक्त मैनपुरी जिले में गैस और पेट्रोल-डीजल की कालाबाजारी का खेल भी तेज हो गया है। हालात ऐसे बन गए कि गैस एजेंसियों पर लोगों की लंबी-लंबी कतारें लग रही हैं। कुछ लोग मौके का फायदा उठाकर जरूरतमंदों को ऊंचे दामों पर सिलेंडर और तेल बेचने की कोशिश कर रहे हैं। इस पर अब जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। डीएम अंजनी कुमार सिंह ने साफ चेतावनी दे दी है कि अगर किसी ने गैस या तेल की कालाबाजारी की तो सीधे जेल जाना पड़ेगा।

प्रशासन सख्त, कालाबाजारी पर निगरानी

मैनपुरी जिले में इन दिनों गैस सिलेंडर, पेट्रोल और डीजल को लेकर लोगों में चिंता का माहौल है। ईरान और इजराइल-अमेरिका के बीच चल रहे युद्ध के कारण आपूर्ति को लेकर अफवाहें भी फैल रही हैं। इसी बीच कुछ लोग गैस और तेल का भंडारण कर ज्यादा दामों पर बेचने की कोशिश कर रहे हैं। जिला प्रशासन को इसकी जानकारी मिलते ही डीएम अंजनी कुमार सिंह ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जिले के सभी क्षेत्रों में लगातार जांच अभियान चलाया जाए और जहां भी कालाबाज़ारी की शिकायत मिले, तुरंत कार्रवाई की जाए।

गोरखपुर में गैस संकट की अफवाह पर डीएम दीपक मीणा की सख्त चेतावनी, कहा- अगर ऐसा किया तो दर्ज होगी एफआईआर

भंडारण करने वालों पर भी कार्रवाई

डीएम ने साफ कहा है कि कोई भी व्यक्ति गैस सिलेंडर, पेट्रोल या डीजल का अवैध भंडारण करता पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होगी। प्रशासन की टीमों को यह भी निर्देश दिए गए हैं कि गैस एजेंसियों और पेट्रोल पंपों पर नियमित जांच की जाए ताकि उपभोक्ताओं को किसी तरह की परेशानी न हो और सामान सही दामों पर उपलब्ध रहे।

केवाईसी के नाम पर ठगी करने वालों को भी चेतावनी

डीएम अंजनी कुमार सिंह ने यह भी कहा कि कुछ लोग केवाईसी अपडेट के नाम पर लोगों से ठगी करने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसे मामलों की शिकायत मिलते ही पुलिस तुरंत कार्रवाई करेगी। उन्होंने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध कॉल या मैसेज पर भरोसा न करें और तुरंत प्रशासन या पुलिस को सूचना दें।

भाभी मेरे साथ अवैध संबंध बना लो…महिला ने किया मना तो देवर ने कर दिया ये कांड

एजेंसियों पर लगी लंबी कतारें

मैनपुरी जिले के अलग-अलग इलाकों में गैस एजेंसियों पर इन दिनों उपभोक्ताओं की लंबी कतारें देखी जा रही हैं। लोग समय से सिलेंडर लेने के लिए सुबह से ही लाइन में लग रहे हैं। प्रशासन का कहना है कि आपूर्ति सामान्य है और किसी को घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन अगर कोई कालाबाज़ारी करता मिला तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Location : 
  • Mainpuri

Published : 
  • 12 March 2026, 2:06 PM IST