महराजगंज में तेज रफ्तार का कहर, बेलगाम कार ने छीनी मजदूर की जिंदगी, परिजनों में मातम

महराजगंज के नगर पंचायत पनियरा वार्ड 11 मेें गुरुवार रात एक तेज रफ्तार कार की टक्कर से एक मजदूर की मौत हो गई। दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल राम आसरे को गोरखपुर बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां शुक्रवार सुबह उनकी मौत हो गई। आर्थिक स्थिति खराब होने के कारण पड़ोसियों ने दाह संस्कार के लिए चंदा जुटाया।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 28 November 2025, 2:39 PM IST

महराजगंज: नगर पंचायत पनियरा के वार्ड नंबर 11 गांधीनगर निवासी मजदूर राम आसरे उर्फ पन्नेलाल (35) की गुरुवार रात सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। हादसे की सूचना फैलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। राम आसरे परिवार में अकेले कमाने वाले थे, उनकी मौत से पत्नी, दो छोटे बच्चों और वृद्ध पिता का सहारा छिन गया है।

बाजार से घर वापसी के दौरान हुआ हादसा

घटना गुरुवार रात करीब 8 बजे की है। जानकारी के अनुसार, राम आसरे पनियरा आरकल मार्ग पर सब्जी लेकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह सड़क किनारे दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत एंबुलेंस की मदद से उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पनियरा पहुंचाया।

हालत नाजुक होने के कारण चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें गोरखपुर बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। कई घंटों तक चले इलाज के दौरान शुक्रवार सुबह राम आसरे ने दम तोड़ दिया। उनकी मौत की खबर जैसे ही पनियरा पहुंची, परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी इंदु देवी, 6 वर्षीय बेटा शिव कुमार, 4 वर्षीय बेटी ज्योति और वृद्ध पिता रामवृक्ष प्रसाद का रो-रोकर बुरा हाल है।

महराजगंज में अवैध गर्भपात का दर्दनाक सच, युवती की मौत; क्लीनिक संचालक और स्टाफ गिरफ्तार

परिवार की है माली हालत कमजोर

परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर है। राम आसरे दिहाड़ी मजदूरी कर किसी तरह घर का खर्च चलाते थे। अचानक हुई इस अनहोनी ने परिवार को गहरे संकट में डाल दिया है। स्थिति इतनी दयनीय है कि पड़ोसियों ने मिलकर दाह संस्कार के लिए चंदा इकट्ठा किया।

इस घटना को लेकर स्थानीय लोग प्रशासन से मृतक परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग कर रहे हैं। क्षेत्रवासियों का कहना है कि गरीब परिवार पर अचानक आई इस त्रासदी में सरकारी मदद मिलना अत्यंत आवश्यक है।

Video: महराजगंज डीएम ने इस अनोखी पहल से जीत लिया वोटरों और BLO का दिल, जानें कैसे

पनियरा थानाध्यक्ष राघवेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस टीम रात में ही मौके पर पहुंच गई थी। घटना की सूचना दर्ज कर ली गई है। उन्होंने कहा कि परिजनों से तहरीर मिलते ही अज्ञात कार चालक के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Location : 
  • Maharajganj

Published : 
  • 28 November 2025, 2:39 PM IST