सीतापुर में तेज रफ्तार स्कूली बस का कहर, युवक को कुचलने से मौके पर मौत

सीतापुर के मछरेहटा थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार स्कूली बस ने एक युवक को कुचल दिया। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बस मिश्रिख स्थित यशोदा कन्या महाविद्यालय की थी। पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 18 August 2026, 9:40 PM IST

Sitapur: सीतापुर में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने इलाके में सनसनी फैला दी। मछरेहटा थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार स्कूली बस की चपेट में आने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि युवक को संभलने का मौका तक नहीं मिला। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण व राहगीर घटनास्थल पर जुट गए।

खेत से लौटते समय हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक मृतक की पहचान सरोज पुत्र मनोज के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सरोज मंगलवार सुबह खेत गया था और वहां से वापस घर लौट रहा था। इसी दौरान मिश्रिख मार्ग पर बहादुरपुर के आगे पुलिया के पास तेज रफ्तार से आ रही स्कूली बस ने उसे टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस की रफ्तार काफी तेज थी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सरोज ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

बच्चों में मची चीख-पुकार

हादसे के बाद बस में सवार बच्चों के बीच भी दहशत फैल गई। बच्चों ने शोर मचाते हुए बस को रुकवाया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी। बताया जा रहा है कि हादसा करने वाली बस मिश्रिख स्थित यशोदा कन्या महाविद्यालय की थी।

पुलिस ने बस कब्जे में ली

सूचना मिलते ही मछरेहटा थाना प्रभारी रजनीश वर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को कब्जे में लेकर जरूरी कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं दुर्घटना में शामिल बस को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है और चालक की तलाश की जा रही है।

हादसे की वजह तलाश रही पुलिस

पुलिस अब पूरे मामले की जांच में जुटी है। हादसा कैसे हुआ और इसमें किसकी लापरवाही रही, इसकी पड़ताल की जा रही है। वहीं युवक की मौत के बाद उसके परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Location :  Sitapur

Published :  18 August 2026, 9:40 PM IST