संसद से सड़क तक सपा का प्रदर्शन, राम मंदिर चढ़ावा मामले में भाजपा पर साधा निशाना

राम मंदिर चढ़ावा विवाद को लेकर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने भाजपा और उसके सहयोगियों पर आस्था के साथ विश्वासघात, चढ़ावे में गड़बड़ी और जमीन सौदों में अनियमितता के आरोप लगाए। इस मुद्दे पर सपा सांसदों ने भी प्रदर्शन किया। आरोपों पर भाजपा की प्रतिक्रिया का इंतजार है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 30 July 2026, 3:48 PM IST

Lucknow: राम मंदिर में चढ़ावे को लेकर सामने आए विवाद ने एक बार फिर सियासी माहौल गर्मा दिया है। समाजवादी पार्टी ने इस मुद्दे को लेकर भाजपा के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। सपा प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा और उसके सहयोगी "आस्था के साथ विश्वासघात के महापाप और अपराध" के दोषी हैं। इस मुद्दे को लेकर सपा सांसदों ने भी प्रदर्शन किया और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई।

अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर साधा निशाना

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक लंबा पोस्ट साझा करते हुए भाजपा पर कई गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि देश की आस्थावान जनता का मानना है कि भाजपा और उसके सहयोगियों ने श्रद्धालुओं की भावनाओं के साथ खिलवाड़ किया है।

राम मंदिर चढ़ावा चोरी केस में बड़ा अपडेट, नई SIT ने संभाली जांच की कमान; वर्चुअल बैठक में खंगाला पूरा ब्योरा

जमीन खरीद-बिक्री को लेकर भी लगाए आरोप

अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि मंदिर से जुड़े कुछ लोगों ने अपने करीबी लोगों को बेहद कम कीमत पर जमीन दिलाई और बाद में वही जमीन कई गुना अधिक कीमत पर मंदिर ट्रस्ट को बेची गई। उन्होंने दावा किया कि इस प्रक्रिया के जरिए ट्रस्ट को आर्थिक नुकसान पहुंचाया गया और कथित रूप से इसका लाभ आपस में बांटा गया।

जांच प्रक्रिया पर भी उठाए सवाल

सपा प्रमुख ने जांच प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि कथित चोरी की रकम की बरामदगी दर्ज नहीं की गई और जांच में कोई उल्लेखनीय तथ्य सामने नहीं आने की बात कहकर लोगों को गुमराह किया गया।

CJP छात्र आंदोलन के फूड वॉलंटियर जुनैद मलिक की याचिका पर कब सुनवाई? अखिलेश यादव के सामने रखा मुद्दा

'लोकधन की लूट का मुद्दा संसद तक पहुंचाना हमारा कर्तव्य'

अखिलेश यादव ने कहा कि बिना किसी की जिम्मेदारी तय किए ट्रस्ट के वरिष्ठ पदाधिकारियों को क्लीन चिट दे दी गई। उन्होंने आरोप लगाया कि मंदिर के धन और बहुमूल्य धातुओं को कथित रूप से दूसरी जगह पहुंचाया गया। उन्होंने कहा कि यदि सार्वजनिक धन के दुरुपयोग के आरोप हैं तो इस मुद्दे को संसद और जनता के बीच उठाना विपक्ष का लोकतांत्रिक और नैतिक दायित्व है। उन्होंने अपने बयान में भाजपा पर तीखी टिप्पणी करते हुए कहा कि इस मामले में जवाबदेही तय होनी चाहिए।

Location :  Lucknow

Published :  30 July 2026, 3:48 PM IST