
सपा ने मनाई निषाद राज गुह्य व महर्षि कश्यप जयंती
Maharajganj: महराजगंज जनपद के पनियरा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत नगर पंचायत पनियरा स्थित एक मैरिज हॉल में समाजवादी पार्टी द्वारा निषाद राज गुह्य एवं महर्षि कश्यप की जयंती पूरे श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और निषाद समाज के लोग शामिल हुए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अमरेंद्र निषाद ने अपने संबोधन में निषाद राज गुह्य के जीवन और योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि निषाद राज ऋंगवेर के राजा थे और कोल, भील, बिंद, मल्हाह, कहार, कश्यप, मझवार, गोड़िया और मछुआरा समाज के मूल प्रतिनिधि माने जाते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि जनता उन्हें काशीराज के नाम से भी जानती थी। विशिष्ट अतिथि और जिलाध्यक्ष विद्यासागर यादव ने अपने संबोधन में ऐतिहासिक संदर्भों का जिक्र करते हुए कहा कि वनवास काल के दौरान भगवान राम, माता सीता और लक्ष्मण को गंगा पार कराने में निषाद समाज की महत्वपूर्ण भूमिका रही थी।
बाजार में खड़ी की बाइक… कुछ ही मिनट में हो गई गायब, महराजगंज में दिनदहाड़े चोरी से हड़कंप
कार्यक्रम के दौरान नेताओं के भाषण में सियासी हमला भी साफ नजर आया। वक्ताओं ने भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार निषाद समाज के हितों की अनदेखी कर रही है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ने निषाद समाज को अनुसूचित जाति का दर्जा दिलाने का प्रयास किया था, लेकिन वर्तमान सरकार में यह अब तक संभव नहीं हो पाया है। इस मुद्दे को लेकर मंच से सीधा राजनीतिक संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर भी स्पष्ट रणनीति दिखाई दी। नेताओं ने निषाद समाज से एकजुट होकर समाजवादी पार्टी को समर्थन देने की अपील की। उन्होंने कहा कि अगर समाज एकजुट होता है तो आने वाले चुनाव में बड़ा बदलाव संभव है।
कार्यक्रम में महर्षि कश्यप के जीवन और उनके योगदान पर भी प्रकाश डाला गया। वक्ताओं ने बताया कि महर्षि कश्यप वैदिक काल के महान ऋषि थे और वे ब्रह्मा जी के पुत्र महर्षि मरीचि के पुत्र थे। उनके विचारों और सिद्धांतों को आज भी समाज के लिए प्रेरणादायक बताया गया।
इस अवसर पर सपा नेता राजेश निषाद, आनंद निषाद, सुमन ओझा, तुफानी निषाद, जिला महासचिव शमसुद्दीन अली, जिला उपाध्यक्ष अमरनाथ यादव, लल्ला यादव, यशवंत गौतम, अमरजीत साहनी, रामगोपाल यादव और बबलू सिंह सैथवार समेत कई नेताओं ने अपने विचार रखे। कार्यक्रम में परमहंस निषाद, गीता रत्ना पासवान, लल्लू गुप्ता, रमनारायण यादव, इन्द्राशन यादव और लालू यादव सहित सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
Location : Maharajganj
Published : 5 April 2026, 6:15 PM IST