Sonbhadra Politics: सपा ने भाजपा से मांगा 9 साल का हिसाब

यूपी के सोनभद्र में शनिवार को समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने बीजेपी के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया। सपा ने भाजपा सरकार के 9 वर्षों के कार्यकाल के खिलाफ प्रदर्शन किया और कई मुद्दों पर उनसे जवाब मांगा।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 11 April 2026, 2:57 PM IST

Sonbhadra: यूपी के सोनभद्र में समाजवादी पार्टी ने बीजेपी को कई मुद्दों पर घेरा है। सपा के जिला सचिव प्रमोद यादव के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने शनिवार को आरटीएस चौराहे पर एकत्र होकर भाजपा सरकार के 9 वर्षों के कार्यकाल के खिलाफ प्रदर्शन किया है।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, इस दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों को लेकर सरकार पर जमकर निशाना साधा।

आम आदमी का जीना दूभर

इस दौरान प्रमोद यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने सत्ता में आने से पहले “अच्छे दिन” लाने का वादा किया था, लेकिन 9 वर्षों में जनता को केवल महंगाई और परेशानियां ही मिली हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि आज खाद्य सामग्री, कॉपी-किताब, दवाइयां, गैस सिलेंडर, बिजली और निर्माण सामग्री जैसे गिट्टी-बालू के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे आम आदमी का जीवन कठिन हो गया है।

उन्होंने कहा कि सोनभद्र में समाजवादी सरकार के समय बनाए गए ट्रामा सेंटर और बर्न यूनिट आज भी बंद पड़े हैं, जिन्हें अब तक चालू नहीं कराया जा सका है। इसके चलते गंभीर मरीजों को इलाज के लिए अन्य जिलों का सहारा लेना पड़ रहा है।

सोनभद्र में डीएम बीएन सिंह ने एसीसी सीमेंट यूनिट का लिया जायजा, अफसरों में मची हलचल

स्वास्थ्य सेवाएं बदहाल

ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाल स्थिति का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर डॉक्टरों की भारी कमी है और नर्सों के भरोसे इलाज चल रहा है। सपा नेताओं ने स्मार्ट मीटर के जरिए बढ़े बिजली बिल, जल जीवन मिशन में कथित अनियमितताओं और गांवों में पेयजल संकट का मुद्दा भी उठाया। उनका कहना था कि किसान, व्यापारी, युवा और महिलाएं सभी वर्ग सरकार की नीतियों से परेशान हैं।

सोनभद्र में एनडीपीएस की बड़ी कार्रवाई, 107 किलो गांजा बरामद

सपा के ये कार्यकर्ता रहे मौजूद

प्रदर्शन के दौरान सुरेंद्र भारती, अनिल विश्वकर्मा, सरजू प्रसाद, सुरेश अग्रहरी, रमाशंकर खरवार, अशोक केवट, जुनैद अंसारी, अरविंद कोल, रोहित शर्मा और राजू पासवान सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Location :  Sonbhadra

Published :  11 April 2026, 2:57 PM IST