सोनभद्र के ओबरा थाना क्षेत्र में साइबर टीम ने तीन अलग-अलग मामलों में ठगी के शिकार लोगों की कुल 3.33 लाख रुपये की रकम उनके खातों में वापस कराई। पुलिस ने हेल्पलाइन 1930 पर तुरंत शिकायत करने की अपील की है।

पुलिस ने साइबर ठगी के शिकारों को लौटाई लाखों की रकम
Sonbhadra: डिजिटल ठगों के जाल में फंसकर अपनी मेहनत की कमाई गंवाने वाले तीन परिवारों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। सोनभद्र जिले के ओबरा क्षेत्र में साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस की साइबर टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 3,33,210 रुपये की ठगी गई रकम पीड़ितों के बैंक खातों में वापस करा दी।
पहले मामले में खैरटिया बिल्ली मारकुण्डी निवासी गोविन्द कृष्ण सिंह को शेयर मार्केट में ज्यादा मुनाफा दिलाने का झांसा दिया गया। ठगों ने फर्जी निवेश योजना बताकर उनसे 2,44,095 रुपये अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए ट्रांसफर करा लिए। जब तक उन्हें ठगी का एहसास हुआ, तब तक रकम जा चुकी थी। इसके बाद उन्होंने तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 और राष्ट्रीय साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई।
सोनभद्र: बजट में राहत न मिलने से नाराज रसोइये, आंदोलन की चेतावनी, पढ़िए पूरा मामला
दूसरे मामले में ओबरा मार्केट निवासी नितिन विश्वकर्मा को क्रेडिट कार्ड लिमिट बढ़ाने का लालच दिया गया। एक लिंक भेजकर उनसे कार्ड डिटेल और ओटीपी हासिल कर लिया गया। इसके बाद उनके कार्ड से 87,794 रुपये की ऑनलाइन खरीदारी कर ली गई। पीड़ित ने तत्काल शिकायत दर्ज कराई। जिससे रकम को ट्रैक कर फ्रीज कराया जा सका।
तीसरे मामले में बिल्ली मारकुण्डी निवासी अजय कुमार वर्मा को वर्क फ्रॉम होम का झांसा देकर 1,321 रुपये की ठगी की गई। हालांकि रकम कम थी, लेकिन पुलिस ने इस मामले को भी गंभीरता से लिया और कार्रवाई करते हुए धनराशि वापस कराई।
सोनभद्र में चोरी का मामला: हेलमेट पहनकर आए, घर की दीवार तोड़ी और हजारों रुपए ले उड़े
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अनिल कुमार और क्षेत्राधिकारी ओबरा अमित कुमार के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक सदानंद राय की अगुवाई में साइबर टीम ने एनसीआरपी पोर्टल पर त्वरित कार्रवाई की। संबंधित बैंक खातों को होल्ड कराया गया और समन्वय बनाकर पूरी 3,33,210 रुपये की रकम पीड़ितों के खातों में वापस कराई गई।