Sonbhadra News: वीडियो बनाते समय पानी की टंकी में गिरा युवक, मची अफरा-तफरी

यूपी के सोनभद्र जनपद से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां एक युवक वीडियो बनाते समय 40 फीट ऊंची पानी की टंकी में कूद गया। पढ़ें डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी खबर

Post Published By: सौम्या सिंह
Updated : 1 July 2025, 1:13 PM IST

Sonbhadra: जिले के कोन थाना क्षेत्र अंतर्गत मोहिउद्दीनपुर गांव में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक युवक चालीस फीट ऊंची पानी की टंकी पर चढ़कर मोबाइल से वीडियो बना रहा था और मधुमक्खियों (भौंरा) के झुंड से घिर जाने के बाद टंकी के अंदर कूद गया। युवक को गंभीर स्थिति में टंकी से बाहर निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस रेस्क्यू अभियान में 112 पीआरबी और ग्रामीणों की अहम भूमिका रही।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, घटना सोमवार की की है। मोहिउद्दीनपुर में हर घर नल योजना के तहत बनी ऊंची पानी टंकी पर खेतकटवा गांव निवासी 16 वर्षीय कौशल पुत्र स्व. हरिनारायण चढ़ गया। बताया जा रहा है कि कौशल टंकी पर चढ़कर मोबाइल से वीडियो बना रहा था, तभी अचानक टंकी में मौजूद मधुमक्खियों ने उसे घेर लिया। घबराहट में उसने बचने के लिए सीधे टंकी के अंदर छलांग लगा दी।

 40 फीट पानी की टंकी में गिरा युवक

घटना को देखकर स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया और तुरंत डायल 112 पर सूचना दी। कुछ ही देर में पीआरबी वाहन संख्या 7707 मौके पर पहुंच गया। टंकी के अंदर मधुमक्खियों के तेज हमले और ऊंचाई के कारण युवक को निकालना आसान नहीं था। ऐसे में ग्रामीणों ने समझदारी दिखाते हुए टंकी के नीचे धुआं किया, जिससे मधुमक्खियां कुछ देर के लिए दूर हो गईं। इसके बाद पीआरबी कर्मियों और ग्रामीणों ने मिलकर किसी तरह युवक को सुरक्षित बाहर निकाला।

शरीर पर मिले मधुमक्खियों के डंक के निशान

युवक को बाहर निकालते ही उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कोन ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। डॉक्टरों के अनुसार, युवक को हल्की सांस लेने में दिक्कत थी और शरीर पर मधुमक्खियों के कई डंक के निशान मिले हैं। फिलहाल उसका इलाज जारी है।

मधुमक्खियों के हमले से मची अफरा-तफरी

युवक की पहचान कौशल (16 वर्ष) के रूप में हुई है, जो खेतकटवा गांव का निवासी है। पुलिस ने बताया कि युवक मानसिक रूप से आंशिक विक्षिप्त है और अक्सर अजीबो-गरीब हरकतें करता है। प्रभारी निरीक्षक संजीव सिंह ने बताया कि युवक के परिजनों को सूचना देकर अस्पताल बुलाया गया, जहां उसे सुपुर्द कर दिया गया है।

ग्रामीणों ने बताया कि यदि समय रहते पुलिस न पहुंचती तो युवक की जान जा सकती थी। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने पीआरबी कर्मियों की जमकर तारीफ की।

Location :  Sonbhadra

Published :  1 July 2025, 1:13 PM IST