हिंदी
Sonbhadra: सोनभद्र जिले में मौखिक तीन तलाक का गंभीर मामला सामने आया है। अनपरा थाना क्षेत्र की कॉलोनी निवासी पीड़िता आयशा परवीन ने अपने पति फैसल अहमद सहित आठ लोगों पर दहेज उत्पीड़न, मारपीट, दूसरी शादी और धमकी देने जैसे संगीन आरोप लगाते हुए महिला थाना में मुकदमा दर्ज कराया है।
पीड़िता के अनुसार, 14 जुलाई 2022 को उसका निकाह फैसल अहमद से हुआ था। शादी के बाद से ही उस पर दहेज की मांग का दबाव बढ़ने लगा। आरोप है कि पति और ससुराल वालों ने कई बार मारपीट की और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। विरोध करने पर उसे खाना तक न देने की नौबत आ जाती थी। आयशा ने दावा किया कि पति उसे मायके भेजकर कानूनी कार्रवाई न करने की शर्त पर वापस लाने का वादा करता था, परंतु 2-4 महीने बाद उसने उसे तीन तलाक देकर घर से निकाल दिया और अवैध रूप से दूसरी शादी भी कर ली। पीड़िता ने देवर शाकिब पर शारीरिक छेड़छाड़ और विरोध करने पर भयावह सजा व जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। पीड़िता ने सभी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।
Location : Sonbhadra
Published : 20 November 2025, 4:36 PM IST