हिंदी
मरीज का हाल बेहाल (फोटो सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Sonbhadra: सोनभद्र मेडिकल कॉलेज में स्वास्थ्य सेवाओं में गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। सी ब्लॉक में पिछले 12 घंटों से बिजली आपूर्ति बंद होने के कारण अस्पताल की महत्वपूर्ण सेवाएं पूरी तरह से ठप हो गई हैं। इस घटना का सीधा असर मरीजों के इलाज पर पड़ा है, और अस्पताल की व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
बिजली न होने के कारण पैथोलॉजी लैब और डेंटल विभाग का कामकाज पूरी तरह से ठप हो गया है। मरीजों की ब्लड सैंपल जांच रुक गई है, और कई सैंपल खराब होने के कगार पर पहुंच गए हैं। डेंटल विभाग में भी मरीजों का इलाज बंद है, जिससे दूर-दराज के इलाकों से आए सैकड़ों मरीज बिना इलाज के वापस लौटने को मजबूर हो गए हैं।
मरीजों और उनके परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। रविकांत नामक एक मरीज ने बताया कि वह अपने भाई को लेकर रात 3 बजे से अस्पताल में हैं, लेकिन बिजली न होने के कारण कोई भी जांच नहीं हो पा रही है। उन्होंने अस्पताल की सफाई व्यवस्था पर भी सवाल उठाए, और कहा कि शौचालयों में बदबू आ रही है और पीने के पानी की समुचित व्यवस्था नहीं है।
अन्य मरीजों ने भी नाराजगी जताते हुए बताया कि सुबह से पर्ची भी नहीं बन पा रही है, और उन्हें इलाज में कोई मदद नहीं मिल रही। एक मरीज ने कहा कि वह सुबह 7 बजे से अस्पताल में हैं, लेकिन डॉक्टर से कोई मदद नहीं मिल रही है और मजबूरी में उन्हें बिना इलाज लौटना पड़ रहा है।
सोनभद्र मेडिकल कॉलेज में पिछले 12 घंटे से बिजली गुल होने के कारण अस्पताल की महत्वपूर्ण सेवाएं ठप हो गई हैं। पैथोलॉजी लैब और डेंटल विभाग में कामकाज रुकने से मरीजों को इलाज में दिक्कतें आ रही हैं। #SonbhadraMedicalCollege #HealthcareCrisis #ElectricityFailure #PatientProblems pic.twitter.com/TYIAVq1h1Q
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) April 29, 2026
मरीजों का कहना है कि इतनी बड़ी स्वास्थ्य संस्था होने के बावजूद जनरेटर या इनवर्टर की पर्याप्त व्यवस्था नहीं की गई है। यह अस्पताल प्रशासन की गंभीर लापरवाही को दर्शाता है। इसके कारण मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
Sonbhadra: रेलवे पटरी पर ऐसा क्या दिखा कि ग्रामीण सकते में आ गए और परिवार में मची चीख-पुकार
इस मामले में नोडल डॉक्टर ज्योति अग्रवाल ने बताया कि पावर हाउस में केबल बदले जाने के कारण बिजली आपूर्ति में बाधा आई है। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर उच्च अधिकारियों के साथ बैठक की जाएगी और भविष्य में ऐसी स्थिति से निपटने के लिए इमरजेंसी इनवर्टर जैसी व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि गर्मी के मौसम के कारण पानी की व्यवस्था अभी तक पूरी तरह से सुचारू नहीं हो पाई है।
इस घटना ने सोनभद्र मेडिकल कॉलेज की व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मरीजों की लगातार बढ़ती शिकायतों और व्यवस्था में सुधार न होने से स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर प्रश्नचिह्न लग गया है।
इस लापरवाही के कारण इलाज में देरी और मरीजों को होने वाली परेशानियों ने अस्पताल प्रशासन को कटघरे में खड़ा कर दिया है।
Location : Sonbhadra
Published : 29 April 2026, 3:21 PM IST