
गहरी खाई में गिरा ट्रेलर (सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Sonbhadra: सोनभद्र के हाथीनाला-रेणुकूट मार्ग पर स्थित दुर्दांत 'भुतहिया पुलिया' एक बार फिर मौत का सबब बन गई। मंगलवार रात करीब 10 बजे एक बेकाबू ट्रेलर अचानक सड़क से फिसलकर पुलिया के नीचे गहरी खाई में जा गिरा। इस भीषण हादसे में 24 वर्षीय युवा चालक प्रमोद कुमार की केबिन में फंसने और समय पर ना निकल पाने के कारण दर्दनाक मौत हो गई।
मंगलवार की रात रेणुकूट की ओर से आ रहा यह ट्रेलर जब भुतहिया पुलिया के पास पहुंचा, तो अचानक अनियंत्रित होकर नीचे जा गिरा। हादसा इतना भयानक था कि वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। गनीमत यह रही कि इस दौरान खलासी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन चालक प्रमोद कुमार (पुत्र दिनेश कुमार, निवासी ग्राम रमसगरा, थाना राजगढ़, मिर्जापुर) बुरी तरह केबिन के अंदर फंस गया।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही हाथीनाला, पिपरी और रेणुकूट पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच गई। इसके अलावा 'टीम निशा सिंह' के सदस्य विजय प्रताप सिंह और उनके साथियों ने भी स्थानीय लोगों के साथ मिलकर राहत और बचाव कार्य में हाथ बंटाया।
चालक को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए प्रशासन और रेस्क्यू टीमों ने घंटों संघर्ष किया। केबिन के पूरी तरह पिचक जाने के कारण जब साधारण तरीकों से सफलता नहीं मिली, तब पुलिस गैस कटर मिस्त्री को मशीन समेत मौके पर लेकर आई। आखिरकार, भोर करीब चार बजे क्रेन की मदद से ट्रेलर को हटाकर चालक को बाहर निकाला गया।
गंभीर हालत में चालक प्रमोद कुमार को तत्काल हिंडाल्को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी में रखवा दिया गया है और पुलिस ने विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। टीम के सदस्य विजय प्रताप सिंह ने बताया कि हादसे के बाद चालक करीब तीन से चार घंटे तक जीवित था, लेकिन अत्यधिक संकरा केबिन होने और समय पर नहीं निकाले जा सकने के कारण उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। राहत की बात यह रही कि इस पूरे घटनाक्रम के दौरान पुलिस ने यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखा।
इस दर्दनाक घटना के बाद स्थानीय नागरिकों में गहरा रोष और चिंता है। लोगों का कहना है कि हाथीनाला-रेणुकूट मार्ग पर स्थित भुतहिया पुलिया अब दुर्घटनाओं का एक खतरनाक 'हॉटस्पॉट' बन चुकी है। जनता ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि इस मार्ग का शीघ्र फोरलेन निर्माण कराया जाए और दुर्घटनाओं को रोकने के लिए पुख्ता सुरक्षा उपाय किए जाएं।
Location : Sonbhadra
Published : 29 July 2026, 11:41 AM IST