सोनभद्र के लोढ़ी टोल प्लाजा पर महिला अधिवक्ता आरती पाण्डेय और उनके परिजनों के साथ मारपीट की घटना वायरल हुई। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि अन्य की तलाश जारी है।

पुलिस की गिरफ्त में आरोपी
Sonbhadra: रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के लोढ़ी टोल प्लाजा पर महिला अधिवक्ता आरती पाण्डेय और उनके परिजनों के साथ मारपीट का मामला सामने आया। जानकारी के अनुसार अधिवक्ता आरती अपने परिवार के साथ कार में ओबरा से रॉबर्ट्सगंज जा रही थीं। तकनीकी कारणों से उनकी कार लेन संख्या तीन में फंस गई, जिससे थोड़ी देर के लिए यातायात बाधित हो गया।
इस छोटी सी बाधा को लेकर टोल कर्मियों और वाहन सवारों के बीच पहले कहासुनी हुई। देखते ही देखते यह विवाद मारपीट में बदल गया। आरोप है कि टोल कर्मियों ने लाठी-डंडों और गाली-गलौज का इस्तेमाल करते हुए अधिवक्ता के परिजनों के साथ मारपीट की। बीच-बचाव करने पर आरती पाण्डेय के साथ भी अभद्रता की गई और उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई।
Sonbhadra News: दो लग्जरी स्कॉर्पियो से बरामद 60 किलो गांजा, पुलिस ने किया रैकेट का भंडाफोड़
घटना में कई लोग घायल हुए, जिन्हें जिला मेडिकल कॉलेज, सोनभद्र में भर्ती कराया गया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार एक घायल की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। घटना का वीडियो किसी राहगीर द्वारा बनाया गया था, जो तुरंत सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में मारपीट और हंगामे की पूरी स्थिति दिखाई दे रही है।
वीडियो वायरल होने के बाद अधिवक्ता समुदाय और स्थानीय लोग इस घटना पर भारी आक्रोश व्यक्त करने लगे। पीड़िता आरती पाण्डेय की तहरीर पर थाना रॉबर्ट्सगंज पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
लोढ़ी टोल प्लाजा पर मारपीट
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रामजी तिवारी निवासी हमीरपुर और सर्वेश यादव निवासी अंबेडकर नगर को नामजद आरोपी के रूप में गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बताया कि इस मामले में अन्य 7-8 टोल कर्मियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा। मामले की जांच विधिक प्रक्रिया के अनुसार आगे बढ़ रही है।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैलने के बाद अधिवक्ता और नागरिक समुदाय में नाराजगी और विरोध देखा गया। लोग दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।