महराजगंज में मेडिकल स्टोरों पर अचानक पहुंची टीम, दुकानदारों में मचा हड़कंप!

महराजगंज के सोनौली कस्बे में ड्रग विभाग और SSB की संयुक्त टीम ने मेडिकल स्टोरों पर छापेमारी की। टीम ने दवाओं की गुणवत्ता, लाइसेंस और बिक्री से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर संदिग्ध दवाओं के नमूने एकत्र किए।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 4 November 2026, 8:30 PM IST

महराजगंज : भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे सोनौली कस्बे में बुधवार को ड्रग विभाग और सशस्त्र सीमा बल (SSB) की संयुक्त टीम ने मेडिकल स्टोरों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की। अचानक हुई इस कार्रवाई से दवा कारोबारियों में हड़कंप मच गया। टीम ने कस्बे की दर्जनों दवा दुकानों पर पहुंचकर दवाओं की जांच की और संदिग्ध दवाओं के नमूने एकत्र किए।

छापेमारी के दौरान ड्रग इंस्पेक्टर नवीन कुमार के नेतृत्व में ड्रग विभाग की टीम मौजूद रही। उनके साथ SSB के इंस्पेक्टर और सुरक्षा बल के जवान भी कार्रवाई में शामिल रहे। संयुक्त टीम ने मेडिकल स्टोरों पर उपलब्ध दवाओं की गुणवत्ता और वैधता की जांच की। इसके अलावा दवाओं की बिक्री से संबंधित दस्तावेजों और दुकानदारों के लाइसेंस भी खंगाले गए।

नकली दवाओं की बिक्री पर अभियान

ड्रग इंस्पेक्टर नवीन कुमार ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य नकली और नशीली दवाओं की बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाना है। इसी के तहत मेडिकल स्टोरों पर उपलब्ध दवाओं की जांच की गई और संदिग्ध दवाओं के नमूने एकत्र किए गए हैं। इन नमूनों को जांच के लिए भेजा जाएगा, ताकि दवाओं की गुणवत्ता और उनकी वैधता का पता लगाया जा सके।

महराजगंज में एसडीएम की बोलेरो नियो से भिड़ी बाइक, युवक गंभीर रूप से घायल; जिला अस्पताल में भर्ती

उन्होंने दवा कारोबारियों को निर्देश दिया कि वे चिकित्सक के पर्चे के आधार पर ही संबंधित दवाओं की बिक्री सुनिश्चित करें। साथ ही दवा बिक्री से जुड़े सभी नियमों का पूरी तरह पालन करें। मेडिकल स्टोर संचालकों को लाइसेंस और जरूरी दस्तावेज भी नियमानुसार रखने के निर्देश दिए गए।

भारत-नेपाल सीमा पर संयुक्त कार्रवाई से मचा हड़कंप

भारत-नेपाल सीमा पर स्थित सोनौली कस्बा अंतरराष्ट्रीय आवाजाही के लिहाज से महत्वपूर्ण है। ऐसे में यहां नकली और नशीली दवाओं की बिक्री पर रोक लगाने के उद्देश्य से ड्रग विभाग और SSB की संयुक्त कार्रवाई को अहम माना जा रहा है।

छापेमारी के दौरान टीम ने कई मेडिकल स्टोरों की जांच की और दवाओं के नमूने एकत्र किए। इस कार्रवाई से कस्बे के मेडिकल कारोबारियों में हलचल रही। हालांकि, जांच के लिए लिए गए नमूनों की रिपोर्ट आने के बाद ही संबंधित दवाओं की गुणवत्ता को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Location :  Maharajganj

Published :  4 November 2026, 8:30 PM IST