
सौनोली में दबोचा गया अमेरिकी नागरिक (सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Maharajganj: भारत-नेपाल सीमा पर सक्रिय अंतरराष्ट्रीय मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ सुरक्षा एजेंसियों को एक और बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। सीमा पार नशीले पदार्थों की अवैध सप्लाई को रोकने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सशस्त्र सीमा बल (SSB) और सोनौली पुलिस की संयुक्त टीम ने रविवार को एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी सुरक्षा बलों की नजरों से बचकर पगडंडी के रास्ते स्मैक की एक बड़ी खेप नेपाल में खपाने की फिराक में था, लेकिन मुस्तैद जवानों ने सरहद पार करने से पहले ही उसे दबोच लिया।
सीमावर्ती क्षेत्रों में मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए सुरक्षा बल लगातार हाई अलर्ट पर हैं। रविवार को खुफिया तंत्र से इनपुट मिला था कि एक तस्कर नशीले पदार्थों की खेप लेकर भारतीय सीमा से नेपाल की तरफ जाने वाला है। सूचना मिलते ही एसएसबी और सोनौली पुलिस एक्शन मोड में आ गई। दोनों सुरक्षा एजेंसियों ने तत्काल रणनीति तैयार की और नो-मैन्स लैंड के पास स्थित सीमा स्तंभ संख्या-519 (पिलर नंबर 519) के आस-पास के पगडंडी मार्गों पर अपनी पैनी नजरें टिका दीं।
संयुक्त टीम जब पिलर संख्या-519 के पास घेराबंदी कर संदिग्धों पर नजर रख रही थी, तभी एक युवक बिना आवाज वाली इलेक्ट्रिक स्कूटी से पगडंडी मार्ग के जरिए चुपके से सीमा पार करने की कोशिश करता दिखाई दिया। युवक की संदिग्ध गतिविधियों को देखकर सुरक्षाकर्मियों को उस पर शक हुआ। जवानों ने घेराबंदी कर उसे रुकने का इशारा किया। अचानक सामने पुलिस और एसएसबी को देखकर युवक सकपका गया और भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन सतर्क जवानों ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसे मौके पर ही दबोच लिया।
हिरासत में लिए गए युवक की जब सुरक्षा बलों ने कड़ाई से जामा-तलाशी ली, तो उसके पास से भारी मात्रा में अवैध स्मैक बरामद हुई। आरोपी इस नशीले पदार्थ को छिपाकर नेपाल ले जा रहा था, जहां वह इसे ऊंचे दामों पर बेचने और खपाने की योजना बना चुका था। सुरक्षा बलों ने बरामद स्मैक को तुरंत अपने कब्जे में ले लिया और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही इलेक्ट्रिक स्कूटी को भी सीज कर दिया। मौके पर ही बरामद मादक पदार्थ का वजन कर आवश्यक कानूनी कागजी कार्रवाई पूरी की गई।
यह भी पढ़ें- Maharajganj Weather: महराजगंज पर मेहरबान होगा मौसम, आज रात हो सकती झमाझम बारिश
गिरफ्तारी के बाद सोनौली पुलिस आरोपी को थाने ले आई, जहां उसके खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट की गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेजने की तैयारी की जा रही है।
पुलिस लाइन और स्थानीय स्तर पर आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां अब इस बात का पता लगाने में जुटी हैं कि स्मैक की यह खेप उत्तर प्रदेश या भारत के किस हिस्से से लाई गई थी और नेपाल में इसे किसे डिलीवर किया जाना था। पुलिस इस अंतरराष्ट्रीय ड्रग सिंडिकेट के मुख्य सरगना और इसमें शामिल अन्य स्थानीय मददगारों की कुंडली खंगाल रही है ताकि इस पूरे नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त किया जा सके।
Location : Maharajganj
Published : 12 July 2026, 3:46 PM IST
Topics : Drug Trafficking Nepal India Nepal border Maharajganj Crime News Sonauli Police Arrest SSB Joint Operation