मेहनत पर फिरा पानी, नदी में समाई तैयार फसल; सीतापुर में शारदा का कहर जारी

सीतापुर के तंबौर क्षेत्र स्थित खानामरोड़ गांव में शारदा नदी का भीषण कटान जारी है। सोमवार को कटान के कारण किसानों की सात बीघा से अधिक तैयार धान की फसल नदी में समा गई।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 31 August 2026, 7:13 PM IST

Sitapur: विकासखंड थाना तंबौर क्षेत्र के खानामरोड़ गांव में शारदा नदी का कटान लगातार जारी है। तेज कटान के चलते किसानो की सैकड़ों बीघा कृषि भूमि पर खतरा मंडरा रहा है। सोमवार को कटान की चपेट में आकर करीब सात बीघा से अधिक क्षेत्रफल में तैयार धान की फसल नदी में समा गई। फसल बर्बाद होने से किसान के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।

शारदा नदी के कटान से सैकड़ों बीघा जमीन पर संकट

ग्रामीण किशोरी लाल और मनोज कुमार के मुताबिक, शारदा नदी पिछले कई दिनों से लगातार खेतों की ओर कटान कर रही है। धीरे-धीरे नदी का दायरा बढ़ता जा रहा है और खेती योग्य जमीन नदी में समाती जा रही है। किसान का कहना है कि धान की फसल तैयार करने में उन्होंने काफी मेहनत और पैसा लगाया था, लेकिन कटान ने उनकी पूरी मेहनत बर्बाद कर दी।

यह भी पढ़ें - Sitapur Accident: रक्षाबंधन पर बहन के घर आए जीजा-साले, रात में निकले तो सुबह मिली दोहरी मौत की खबर; हादसे ने मचाया कोहराम

तैयार धान की फसल नदी में समाई

ग्रामीणों में लगातार बढ़ रहे कटान को लेकर चिंता और आक्रोश है। उनका आरोप है कि कटान रोकने के लिए प्रशासन की ओर से बोरियां और बांस लगाए जा रहे हैं, लेकिन नदी के तेज बहाव के सामने यह इंतजाम नाकाफी साबित हो रहे हैं।

खतरे के निशान से नीचे बह रहीं शारदा और घाघरा

प्रशासन की ओर से सोमवार को जारी आंकड़ों के अनुसार जिले में नदियों के जलस्तर में पांच से दस सेंटीमीटर तक बढ़ोतरी दर्ज की गई है। हालांकि शारदा और घाघरा नदियां अभी खतरे के निशान से नीचे बह रही हैं। मीटर गेज के अनुसार शारदा नदी का जलस्तर खतरे के निशान से 0.74 मीटर और घाघरा नदी का जलस्तर 1.38 मीटर नीचे दर्ज किया गया।

यह भी पढ़ें - Sitapur News: रक्षाबंधन पर मामा के घर आया था मासूम, नाना के साथ लौटते वक्त अचानक हुआ ऐसा हादसा; परिवार में मचा कोहराम

किसानों ने मांगा मुआवजा और स्थायी समाधान

किसानों ने मांग की है कि कटान प्रभावित क्षेत्र में तत्काल प्रभावी बचाव कार्य कराया जाए। साथ ही नदी में समाई फसल और जमीन से प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा व आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए। ग्रामीणों ने कटान रोकने के लिए मजबूत और स्थायी इंतजाम किए जाने की भी मांग की है।

Location :  Sitapur

Published :  31 August 2026, 7:13 PM IST