हिंदी
महराजगंज में एएसपी सिद्धार्थ ने युवाओं से किया संवाद
Maharajganj News: युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं और करियर को लेकर सही दिशा देने के उद्देश्य से महराजगंज में युवा संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जवाहरलाल नेहरू स्मारक पीजी कॉलेज में आयोजित इस कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ ने छात्र-छात्राओं से सीधा संवाद किया और सिविल सेवा समेत अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
शासन के निर्देश और जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल के नेतृत्व में जिले में चलाए जा रहे युवा संवाद कार्यक्रम के तहत सोमवार को यह आयोजन किया गया। महाविद्यालय के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में एएसपी सिद्धार्थ ने पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के जरिए विद्यार्थियों को सफलता के लिए जरूरी गुणों और प्रभावी अध्ययन पद्धति के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि किसी भी लक्ष्य को हासिल करने के लिए धैर्य, आत्मविश्वास और लगातार प्रयास बेहद जरूरी हैं। केवल मेहनत करना ही सफलता के लिए पर्याप्त नहीं है, बल्कि सही दिशा और बेहतर रणनीति के साथ मेहनत करना भी उतना ही महत्वपूर्ण है।
एएसपी सिद्धार्थ ने विद्यार्थियों से कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी शुरू करने से पहले अपना लक्ष्य स्पष्ट करना चाहिए। लक्ष्य तय होने के बाद उसी के अनुसार समय प्रबंधन और योजनाबद्ध तरीके से पढ़ाई करनी चाहिए। उन्होंने नियमित अध्ययन, लिखने का अभ्यास और समय-समय पर खुद का मूल्यांकन करने को सफलता की तैयारी का अहम हिस्सा बताया। उन्होंने छात्रों को अपनी कमजोरियों को पहचानकर उनमें सुधार करने की सलाह दी।
एएसपी ने कहा कि आज के दौर में प्रतियोगी परीक्षाओं में प्रतिस्पर्धा लगातार बढ़ रही है। ऐसे में विद्यार्थियों को अपनी तैयारी को समय के अनुसार अपडेट करते रहना होगा।उन्होंने कहा कि किसी भी विषय को सिर्फ याद करने के बजाय उसकी गहरी समझ विकसित करनी चाहिए। साथ ही यह भी जानना जरूरी है कि वर्तमान समय में उस विषय की क्या उपयोगिता और प्रासंगिकता है।
कार्यक्रम में एएसपी सिद्धार्थ ने युवाओं को असफलता से निराश न होने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि असफलता को मंजिल नहीं बल्कि सीख के रूप में लेना चाहिए।उन्होंने कहा कि किसी भी लक्ष्य के लिए पूरी गंभीरता से मेहनत करने के साथ भविष्य के लिए प्लान-बी भी तैयार रखना चाहिए। अगर किसी प्रयास में सफलता नहीं मिलती है तो अपनी कमियों का विश्लेषण कर नई ऊर्जा के साथ दोबारा प्रयास करना चाहिए।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अजय कुमार मिश्र ने कार्यक्रम में एएसपी सिद्धार्थ का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि युवा संवाद जैसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को लक्ष्य के प्रति जागरूक करने और उन्हें सही मार्गदर्शन देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
Location : Maharajganj
Published : 31 August 2026, 8:39 PM IST
Topics : ASP Siddharth Maharajganj News (महाराजगंज न्यूज़) maharajganj police UP Police Youth Dialogue Program