
सीतापुर में जलभराव (Img: Dynamite News)
Sitapur: सीतापुर जिले में मंगलवार मध्यरात्रि के बाद मौसम ने करवट ली। तेज बारिश के बाद बुधवार सुबह तक रुक-रुककर पानी गिरता रहा। लगातार बारिश के कारण शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक जलभराव की स्थिति पैदा हो गई।
कई सड़कों और गलियों में पानी भरने से लोगों को आने-जाने में परेशानी हुई। सुबह काम के लिए निकले लोग छाता लेकर बारिश से बचते नजर आए। कई स्थानों पर लोगों को पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ा।
बारिश का सबसे अधिक असर तीर्थनगरी नैमिषारण्य में देखने को मिला। यहां प्रसिद्ध चक्रतीर्थ परिसर में बारिश का पानी भर गया। पानी बढ़ने के कारण चक्रतीर्थ की सीढ़ियों तक पानी पहुंच गया। श्रद्धालुओं और पुजारियों के बैठने के लिए बनाई गई तख्त वाली जगह भी करीब एक फीट पानी में डूब गई। इससे पूजा-पाठ करने और परिसर में आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
ये भी पढ़ें: Sitapur News: जिला महिला अस्पताल के रास्ते पर प्रशासन का बड़ा एक्शन, सड़क किनारे से हटाया अतिक्रमण
नैमिषारण्य में बारिश का असर धार्मिक गतिविधियों पर भी दिखाई दिया। सामान्य दिनों की तुलना में बुधवार को श्रद्धालुओं की संख्या कम रही। बारिश के कारण लोगों ने यात्रा टालना बेहतर समझा। जो श्रद्धालु पहुंचे, उन्हें भी चक्रतीर्थ परिसर में जलभराव के कारण काफी दिक्कत हुई।
लगातार बारिश के कारण सीतापुर शहर के कई निचले इलाकों में भी पानी जमा हो गया। सड़कों और गलियों में जलभराव के कारण लोगों को रोजमर्रा के कामों के लिए निकलने में परेशानी हुई। स्थानीय लोगों का कहना है कि जल निकासी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पानी लंबे समय तक जमा रहता है। इससे लोगों को हर बारिश में परेशानी का सामना करना पड़ता है।
ये भी पढ़ें: Sitapur News: एक झटके में उजड़ गया परिवार! तेज रफ्तार कार पेड़ से टकराई, दो सगे भाइयों की मौत
मौसम विभाग के अनुसार जिले में पिछले 24 घंटे के दौरान करीब 71 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। विभाग ने अगले 24 घंटे में तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना जताते हुए अलर्ट जारी किया है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और जरूरत न होने पर घर से बाहर नहीं निकलने की अपील की है।
लगातार बारिश और जलभराव को देखते हुए जिला प्रशासन ने बच्चों की सुरक्षा के लिए बड़ा फैसला लिया। बुधवार को नर्सरी से कक्षा आठ तक के विद्यालय बंद रखे गए। इस फैसले से बच्चों और अभिभावकों को राहत मिली। प्रशासन का कहना है कि खराब मौसम और जलभराव के बीच बच्चों को स्कूल आने-जाने में परेशानी न हो, इसलिए स्कूल बंद रखने का निर्णय लिया गया।
Location : Sitapur
Published : 2 September 2026, 1:05 PM IST