Sitapur: ऑटो चालकों की लड़ाई में गई युवक की जान, ट्रक की चपेट में आने से मौत

उत्तर प्रदेश के सीतापुर में एक मामूली विवाद ने 26 वर्षीय युवक की जान ले ली। रेलवे स्टेशन के पास बुधवार तड़के दो चालकों के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते कहासुनी इतनी बढ़ गई कि एक परिवार की खुशियां मातम में बदली गई।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 18 November 2026, 3:16 PM IST

Sitapur: रेलवे स्टेशन के पास बुधवार तड़के ऑटो खड़ा करने को लेकर दो चालकों के बीच हुआ विवाद जानलेवा साबित हुआ। कहासुनी के दौरान एक चालक ने दूसरे को धक्का दे दिया। सड़क पर गिरे युवक को इसी बीच पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया। गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाए गए युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद दोनों चालक मौके से फरार हो गए।

ऐसे हुआ हादसा 

कोतवाली नगर क्षेत्र के रानी कोठी, बट्सगंज निवासी रामपाल (26) ऑटो चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। बुधवार सुबह करीब चार बजे वह सवारी के इंतजार में रेलवे स्टेशन के पास अपना ऑटो खड़ा किए था। इसी दौरान अनीश नाम का दूसरा ऑटो चालक वहां पहुंच गया। ऑटो खड़ा करने को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर अनीश ने रामपाल को धक्का दे दिया। इससे वह सड़क पर गिर पड़ा। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उसे कुचल दिया।

मृतक की फाइल फोटो

सीतापुर में रफ्तार का कहर: पिकअप और ट्रैक्टर-ट्रॉली की आमने-सामने भिड़ंत, चालक की दर्दनाक मौत

ऑटो और ट्रक चालक की तलाश में जुटी पुलिस

हादसे में रामपाल गंभीर रूप से घायल हो गया। गौरी नाम के एक ऑटो चालक ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर, घटना के बाद आरोपी ऑटो चालक अनीश और ट्रक चालक मौके से फरार हो गए।

सीतापुर में भीषण सड़क हादसा, ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्रॉली में मारी टक्कर, तीन की मौत; दो घायल

परिजनों में कोहराम 

पुलिस के अनुसार, परिजनों की तहरीर मिलने के बाद मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फरार ऑटो चालक और ट्रक चालक के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। युवक की मौत से परिवार में मातम पसरा है।

Location :  Sitapur

Published :  18 November 2026, 3:13 PM IST