
सिसवा में भक्ति का अद्भुत संगम (सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Maharajganj: सिसवा बाजार स्थित श्री श्याम मंदिर में आयोजित स्वर्ण जयंती ‘श्री श्याम महोत्सव’ का दूसरा दिन सोमवार को गहरी आस्था और भक्ति भाव के साथ मनाया गया। इस दौरान मंदिर परिसर भक्तों की भीड़ से खचाखच भरा रहा। श्रद्धालु दूर-दूर से भगवान के दर्शन और महोत्सव में शामिल होने पहुंचे।
महोत्सव के मुख्य आकर्षण के रूप में भगवान श्री श्याम के बाल स्वरूप लड्डू गोपाल को विधिवत ‘छप्पन भोग’ अर्पित किया गया। दोपहर 12 बजे जैसे ही भोग अर्पण की प्रक्रिया शुरू हुई, पूरा मंदिर परिसर जयकारों से गूंज उठा। भक्तों ने पूरे श्रद्धा भाव से प्रभु को भोग अर्पित किया और उनके दर्शन कर खुद को धन्य महसूस किया।
भगवान को अर्पित किए गए छप्पन भोग में पूड़ी-सब्जी, दही-बड़ा, विभिन्न प्रकार के फल, मिठाइयां, मेवा, माखन और मिश्री समेत कुल 56 प्रकार के व्यंजन शामिल थे। इसके अलावा श्रद्धालुओं द्वारा सवामणी का प्रसाद भी अर्पित किया गया। इस भव्य भोग को देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़े और भक्ति में लीन नजर आए।
कार्यक्रम के दौरान अंतर्राष्ट्रीय भजन गायक अमित ‘अंजन’ ने अपनी मधुर आवाज में भजनों की प्रस्तुति दी। उन्होंने छप्पन भोग और सवामणी की महिमा का सुंदर वर्णन करते हुए ऐसे भजन गाए कि पूरा पंडाल भक्तिमय हो गया। श्रद्धालु भजनों पर झूमते और जयकारे लगाते नजर आए।
भजनों से गूंजा पूरा नगर (सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
महोत्सव के अवसर पर लड्डू गोपाल का आकर्षक और भव्य श्रृंगार किया गया। उन्हें सुंदर पालकी में विराजमान कर दर्शन के लिए रखा गया, जिससे भक्त भाव-विभोर हो उठे। मंदिर की सजावट और वातावरण ने पूरे आयोजन को और भी दिव्य बना दिया।
श्याम महोत्सव का भव्य आगाज, निशान यात्रा से भक्तिमय हुआ पूरा सिसवा
इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में मंदिर समिति और स्थानीय श्रद्धालुओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कार्यक्रम में संत कुमार जालान, दिनेश भालोटिया, गिरधारी केडिया, संदीप सिंघानिया समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। साथ ही महिला मंडल और मारवाड़ी युवा मंच की महिलाओं ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई।
Location : Maharajganj
Published : 30 March 2026, 4:56 PM IST
Topics : Maharajganj News (महाराजगंज न्यूज़) Shyam Maharaj Siswa Mahotsav Temple Festival uttar pradesh