
एसआईआर की मांग को लेकर पहुंचे डीएम ऑफिस
Maharajganj: महराजगंज में विशेष सघन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत मतदाता सूची से संबंधित जटिल मुद्दों को लेकर आज जिला अध्यक्ष विजय सिंह एडवोकेट के नेतृत्व में एक व्यापक प्रतिनिधि मंडल ने जिलाधिकारी महराजगंज से मुलाकात की। प्रतिनिधि मंडल ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि पड़ोसी राष्ट्र नेपाल से 2003 के बाद बड़ी संख्या में लड़कियां विवाह के उपरांत महराजगंज जनपद में आई हैं, जिन्हें अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं किया गया है। यह स्थिति न केवल प्रशासनिक जटिलता उत्पन्न कर रही है, बल्कि हजारों महिलाओं के मताधिकार को भी प्रभावित कर रही है।
प्रतिनिधि मंडल ने बताया कि सिद्धार्थनगर जनपद की वर्ष 2003 की मतदाता सूची चुनाव आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध नहीं है। परिणामस्वरूप, 2003 के बाद महराजगंज जनपद में विवाह कर आई महिलाओं की पुष्टि का आधार नहीं मिल पा रहा है। इस कारण चुनाव प्रक्रिया में उनका नाम दर्ज नहीं हो पा रहा है, जबकि वे सभी मूल रूप से अब महराजगंज की निवासी हैं और मतदाता बनने का संवैधानिक अधिकार रखती हैं।
Maharajganj ADM ने धान क्रय केंद्रों का निरीक्षण, भुगतान और भंडारण में तेजी के निर्देश
जिलाधिकारी ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से लेते हुए तत्काल सभी उप जिलाधिकारियों को दूरभाष पर निर्देशित किया कि चुनाव आयोग के नियमों के अनुसार संबंधित लाभार्थियों के फॉर्म भरवाकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही उन्होंने सभी BLO व सुपरवाइजरों को इस संबंध में लिखित आदेश भी जारी कर दिए हैं, ताकि इस प्रक्रिया को तेजी और पारदर्शिता के साथ पूरा किया जा सके।
जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा प्रस्तुत इस मुद्दे को प्रशासन ने गंभीरता से लेते हुए सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया है, जिससे हजारों महिलाओं को शीघ्र ही मतदाता सूची में शामिल किए जाने का मार्ग प्रशस्त होगा।
प्रतिनिधि मंडल में मुख्य रूप से पूर्व जिलाध्यक्ष झिनकू चौधरी, शरद सिंह बबलू, विनोद सिंह, डॉ. राम नारायण चौरसिया, गोपाल शाही, अफजल अब्बासी, गंगाजल चौरसिया, तेज बहादुर पांडे, जिला पंचायत सदस्य अनवर अली, इंद्रेश चौधरी, जमील अहमद सहित कई पदाधिकारी व वरिष्ठ कार्यकर्ता मौजूद रहे।
अंत में जिला कांग्रेस कमेटी के मीडिया चेयरमैन जय प्रकाश लाल ने कहा कि पार्टी जनहित से जुड़े हर विषय पर प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर कार्य कर रही है और मतदाता सूची से वंचित महिलाओं को उनका अधिकार दिलाने हेतु लगातार प्रयास जारी रहेंगे।
Location : Maharajganj
Published : 4 December 2025, 5:44 PM IST
Topics : Maharajganj Married Womens nepal UP SIR Voter List