एक पुलिया बंद… और पूरा गांव पानी में डूबा! जलनिकासी ठप होते ही भड़का जनआक्रोश, सड़क पर उतरे ग्रामीण

सीहापार गांव में पुलिया बंद होने से जलनिकासी पूरी तरह ठप हो गई, जिससे गांव में जलभराव की गंभीर समस्या पैदा हो गई है। ग्रामीणों के घरों और सड़क पर पानी जमा होने से हालात बिगड़ गए हैं। नाराज ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर प्रशासन से शिकायत की है।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 11 June 2026, 8:39 PM IST

Gorakhpur: सहजनवा ब्लॉक के सीहापार गांव में सीहापार-घघसरा मार्ग पर स्थित पारंपरिक जलनिकासी पुलिया को बंद किए जाने के विरोध में गुरुवार को ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिया बंद होने से गांव की जलनिकासी व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई है, जिसके चलते कई घरों का गंदा पानी सड़क पर जमा हो रहा है और लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

सड़क चौड़ीकरण के दौरान क्षतिग्रस्त हुई नाली

ग्रामीणों के अनुसार, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) द्वारा सीहापार-घघसरा मार्ग के चौड़ीकरण के दौरान सड़क किनारे ग्राम पंचायत की ओर से निर्मित नाली क्षतिग्रस्त हो गई थी। उस समय पारंपरिक जलनिकासी स्थल पर पुलिया का निर्माण कर दिया गया था, जिससे पानी का बहाव जारी रहा। लेकिन बाद में कुछ लोगों ने अपनी भूमि होने का दावा करते हुए पुलिया को अवरुद्ध कर दिया, जिससे जलनिकासी का मार्ग बंद हो गया।

भोर की बारिश में मौत बनते-बनते बचा फोरलेन हादसा: लीची लदा ट्रक पोल से टकराकर पलटा, बिजली व्यवस्था ठप

पुलिया बंद होने से बढ़ी परेशानी

पुलिया बंद होने के कारण गांव के कई घरों का पानी निकलना बंद हो गया है और मुख्य मार्ग पर जलजमाव की स्थिति पैदा हो गई है। सड़क पर जमा पानी से राहगीरों को आवागमन में कठिनाई हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि फिसलन और जलभराव के कारण कई लोग दुर्घटनाग्रस्त होकर चोटिल भी हो चुके हैं। इसके अलावा गंदा पानी जमा रहने से जलजनित बीमारियों के फैलने की आशंका भी बढ़ गई है।

बुधवार रात हुई तेज बारिश के बाद स्थिति और गंभीर हो गई। भारी वर्षा के कारण जलभराव इतना बढ़ गया कि गंदा पानी लोगों के घरों में घुस गया। इससे नाराज ग्रामीण गुरुवार सुबह पुलिया स्थल पर एकत्र हुए और प्रदर्शन कर प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई।

DM की जनसुनवाई में बड़ा फैसला, रायबरेली में बुजुर्ग को मिला हक, SDM ने खुद की जेब से भरा स्टांप शुल्क

प्रदर्शन में शामिल रहे ये ग्रामीण

प्रदर्शन में शामिल ग्रामीण जगदीश यादव, महेंद्र यादव, वीरेंद्र यादव, रामआशीष चौरसिया, शांति देवी, रामकेश भारती और पिंटू समेत अन्य लोगों ने बताया कि इसी नाली के माध्यम से गांव के कई घरों का पानी बाहर निकलता था। पुलिया बंद होने से पूरा पानी सड़क पर जमा हो रहा है। उन्होंने कहा कि इस समस्या से संबंधित शिकायत पहले भी जिम्मेदार अधिकारियों से की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने के साथ ही एसडीएम को भी प्रार्थना-पत्र सौंपकर शीघ्र समाधान की मांग की है। इस संबंध में एसडीएम केसरी नंदन तिवारी ने कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी और आवश्यक कार्रवाई करते हुए जल्द समस्या का समाधान कराया जाएगा।

Location :  Gorakhpur

Published :  11 June 2026, 8:39 PM IST