
सिद्धार्थनगर में मामूली विवाद ने लिया खूनी रूप (इमेज सोर्स-डाइनामाइट न्यूज़)
Siddharthnagar: उसका बाजार थाना क्षेत्र के दुमदुमवा गांव में शुक्रवार शाम को खौफनाक वारदात सामने आयी। आरोपियों ने धान कटाई को लेकर हुए विवाद में 65 वर्षीय दयाराम की गला दबाकर हत्या कर दी। बीच-बचाव करने पहुंची उनकी पत्नी और बेटियों के साथ भी मारपीट की गई।
घटना की सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मृतक की पत्नी की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार घटना शुक्रवार शाम करीब साढ़े छह बजे की है। बताया जा रहा है कि दयाराम के दो मकान हैं—एक गांव के अंदर और दूसरा बाहर। बाहर वाले मकान से सटा रामलाल का खेत है, जहां शाम को कंबाइन मशीन से धान कट रहा था। इसी बीच पड़ोसी गांव पकड़ी के रहने वाले आनंद, उनके भाई महेश, रामलाल की पत्नी शांति और एक अन्य व्यक्ति ने कंबाइन ऑपरेटर से अपने खेत की कटाई कराने को लेकर विवाद शुरू कर दिया।
आरोप है कि पास खड़े दयाराम ने जब उन्हें समझाने की कोशिश की तो चारों ने मिलकर उन्हें धक्का दे दिया और जमीन पर गिराकर गला दबा दिया। शोर सुनकर उनकी पत्नी किसलौती और बेटियां रीत व सरिता बचाने दौड़ीं तो आरोपियों ने उनसे भी मारपीट की। हालत बिगड़ने पर घरवाले दयाराम को जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार दुमदुमवा गांव पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मृतक की पत्नी किसलौती ने उसका बाजार थाना पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर आनंद, महेश, शांति समेत चार लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। दयाराम के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच-पड़ताल करते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।
Location : Siddharthnagar
Published : 28 November 2026, 1:26 AM IST