हिंदी
श्रद्धा दुबे मामला (सोर्स- एक्स)
Lucknow: लखनऊ के हजरतगंज स्थित अवध ग्रीन अपार्टमेंट में कारोबारी शिवा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस की सुई अब नेपाल की ओर घूम गई है। इस हाई-प्रोफाइल मामले में मुख्य आरोपी सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर श्रद्धा दुबे और उसके साथी लगातार अपनी जगह बदल रहे हैं। सूत्रों का दावा है कि नेपाल में एक स्थानीय होटल कारोबारी इनकी छुपने में मदद कर रहा है, वहीं पुलिस के बढ़ते दबाव के चलते आरोपी अब कोर्ट में सरेंडर करने की फिराक में बताए जा रहे हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, हत्यारोपी श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि दुबे और ड्राइवर समेत अन्य लोग बहराइच के रुपईडीहा बॉर्डर से नेपाल में दाखिल हुए थे। नेपाल सीमा पार करने के बाद वे सबसे पहले महेंद्र नगर पहुंचे और बांके जिले में रुके। इसके बाद वे नेपाल के सुर्खेत पहुंचे, जहां एक स्थानीय होटल कारोबारी इन सभी को सुरक्षित पनाह देने और ठिकाने बदलने में लगातार मदद कर रहा है।
यह पूरा मामला अलीगंज के कपूरथला निवासी 28 वर्षीय कारोबारी शिवा शर्मा की मौत से जुड़ा है। शिवा बालू अड्डे के पास अवध ग्रीन अपार्टमेंट की चौथी मंजिल पर रहने वाली सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर श्रद्धा दुबे के साथ लिव-इन में रहता था। गत 9 अक्टूबर की शाम करीब 6:45 बजे संदिग्ध परिस्थितियों में फ्लैट से नीचे गिरने से शिवा की मौत हो गई थी।
मृतक की मां रंजना शर्मा की तहरीर पर हजरतगंज थाने में श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि दुबे, दोस्त आदिल और चालक समेत अन्य लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस और नेपाल पुलिस संयुक्त रूप से आरोपियों की तलाश कर रही है। लखनऊ पुलिस ने फरार आरोपियों के फ्लैट और घरों पर गैर-जमानती वारंट (NBW) के नोटिस चस्पा कर दिए हैं और जल्द कुर्की की कार्रवाई की चेतावनी दी है।
कोलकाता में दुर्गा पूजा के दौरान हादसा, पंडाल ढहने से मची भगदड़, करीब 19 लोगों की मौत, 40 घायल
जांच में श्रद्धा के पुराने तौर-तरीकों को लेकर चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। मृतक के जीजा ऋषि का दावा है कि श्रद्धा दिल्ली से भागकर लखनऊ आई थी। उसका पुराना तरीका सोशल मीडिया के जरिए युवाओं को जाल में फंसाना, महंगे गिफ्ट ऐंठना और विवाद होने पर ब्लैकमेल करना था। जब शिवा ने उसके टॉक्सिक व्यवहार से दूरी बनाई, तो वह उसे कानूनी मामलों में फंसाने की धमकी देने लगी।
इसके अलावा, आयुष्मान साइबर फ्रॉड मामले में सहारनपुर पुलिस द्वारा बरामद की गई एक कार भी श्रद्धा के नाम पर होने की बात सामने आई है। लखनऊ पुलिस ने इस मामले की विस्तृत जानकारी सहारनपुर पुलिस से मांगी है, जिससे मामले के तार और गहरे होते नजर आ रहे हैं।
Location : Lucknow
Published : 18 October 2026, 10:06 AM IST
Topics : Court Surrender Hazratganj police Lucknow murder mystery Shiva Sharma Death Shraddha Dubey Case