
शिवकुमार त्रिपाठी हत्याकांड (IMG: Social Media)
Gorakhpur News: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में बीते 8 अगस्त को ऐसी वारदात हुई, जिसने पूरे जिले को दहला कर रख दिया। पुरानी रंजिश में एक व्यक्ति पर तब तक तलवार से हमला किया गया, तब तक व्यक्ति ने दम नहीं तोड़ दिया। अब इसका वीडियो सामने आया है। जिसमें दिख रहा है कि एक युवक बड़ी बेहरमी के साथ तलवार से हमला कर रहा है। वहीं, हत्या से पहले व्यक्ति अपनी जिंदगी की भीख मांग रहा है, लेकिन उसके बावजूद आरोपी का दिल नहीं पसीजा।
1 मिनट 26 सेकंड का वीडियो वायरल
इस मामले में 1 मिनट 26 सेकंड का एक वीडियो सामने आया है। जिसमें दिखाई दे रहा है कि एक युवक राक्षस की तरह शिवकुमार त्रिपाठी पर तलवार से हमला कर रहा है। इसी बीच एक युवक वीडियो बनाता हुआ मौके पर पहुंचा तो आरोपी ने उसको भी तलवार से जख्मी करने का प्रयास किया। हालांकि, वीडियो बनाने वाला व्यक्ति मौके से भाग गया और अपनी जान बचाई। अब यह 1 मिनट 26 सेकंड का वीडियो तेजी के साथ सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
एसएसपी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए किया खुलासा
वहीं, दूसरी तरफ गोरखपुर पुलिस ने मंगलवार को इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनको जेल भेज दिया। इस मामले में गोरखपुर के एसएसपी डॉक्टर कौस्तुभ ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए बताया कि बीते 8 अगस्त को सिकरीगंज में शिवकुमार त्रिपाठी की हत्या हुई थी। इस मामले में शिवकुमार त्रिपाठी के परिजनों की शिकायत के आधार पर 7 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने जब इस वारदात के बारे में बारीकी से जांच की तो एक और आरोपी का नाम सामने आया।
क्यों हुआ शिवकुमार त्रिपाठी का मर्डर
एसएसपी डॉक्टर कौस्तुभ ने बताया कि वर्ष 2024 में आदेश चौधरी नाम के एक युवक की हत्या हुई थी। उस वक्त आदेश चौधरी की हत्या में शिवकुमार त्रिपाठी के घरवालों का नाम सामने आया था। इसी को लेकर दोनों परिवार में रंजिश हो गई। इसी रंजिश के चलते शिवकुमार त्रिपाठी की हत्या हुई। इस मामले में थाना प्रभारी सिकरीगंज अंजुल चतुर्वेदी को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर किया गया है। इस हत्याकांड में पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। साथ में आरोपियों के खिलाफ NSA की कार्रवाई की जा रही है।
Location : Gorakhpur
Published : 11 August 2026, 8:48 PM IST