शिल्पी हत्याकांड में सपा दिलाएगी न्याय, अखिलेश यादव 45 मिनट पीड़ित परिवार से मिलेंगे, देखिए पूरा शड्यूल

हरदोई के मल्लावां क्षेत्र में शिल्पी कुशवाहा हत्याकांड ने सियासी रंग ले लिया है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव आज पीड़ित परिवार से मिलेंगे। पुलिस अलर्ट पर है।

Post Published By: सौम्या सिंह
Updated : 30 April 2026, 11:56 AM IST

Hardoi: मल्लावां क्षेत्र के गढ़ी रसूलपुर गांव में हुए शिल्पी कुशवाहा हत्याकांड ने जिले की राजनीति को गरमा दिया है। इस मामले को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) ने सरकार और प्रशासन पर सवाल उठाए हैं। इसी बीच सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव आज 30 अप्रैल को पीड़ित परिवार से मिलने गांव पहुंचेंगे। उनके प्रस्तावित दौरे को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है और इलाके में भारी पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।

क्या है पूरा मामला

यह दर्दनाक घटना 13 अप्रैल की शाम की है, जब 26 वर्षीय शिल्पी कुशवाहा अपने घर से कूड़ा डालने के लिए निकली थीं। उसी दौरान गांव के ही निवासी ऋषभ द्विवेदी ने उन पर अचानक फावड़े से हमला कर दिया। इस हमले में शिल्पी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी थी और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा गया।

शिल्पी हत्याकांड: सपा प्रमुख अखिलेश यादव 30 अप्रैल को जाएंगे हरदोई, पीड़ितों से करेंगे मुलाकात

पुलिस कार्रवाई और गिरफ्तारी

घटना के बाद शिल्पी के पिता की तहरीर पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी ऋषभ द्विवेदी और उसके पिता प्रमोद के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने 15 अप्रैल को मुख्य आरोपी ऋषभ को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि 19 अप्रैल को उसके पिता प्रमोद को भी पकड़कर जेल भेज दिया गया।

हालांकि इस पूरे मामले में पुलिस की कार्यशैली को लेकर भी सवाल उठे, जिसके बाद प्रशासनिक कार्रवाई की गई। 28 अप्रैल को एसपी अशोक कुमार मीणा ने मल्लावां कोतवाल शिवाकांत पांडेय को निलंबित कर दिया।

सोशल मीडिया और अतिरिक्त केस दर्ज

हत्याकांड के बाद सोशल मीडिया पर कुछ लोगों द्वारा भड़काऊ टिप्पणियां किए जाने का मामला भी सामने आया। इसके चलते पुलिस ने 24 अप्रैल को 12 नामजद और 10 अज्ञात लोगों के खिलाफ भी केस दर्ज किया है। प्रशासन का कहना है कि माहौल बिगाड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

UP News: अखिलेश यादव का BJP पर हमला, बोले- पीड़ित परिवार को न्याय अभी अधूरा

राजनीतिक हलचल तेज

इस मामले ने राजनीतिक रूप भी ले लिया है। सपा लगातार इसे लेकर सरकार को घेर रही है। 22 अप्रैल की रात कई सपा कार्यकर्ताओं को हाउस अरेस्ट किया गया था। इसके बाद 23 अप्रैल को पीड़ित परिवार से मिलने जा रहे सपा प्रतिनिधिमंडल को संडीला के पास रोक दिया गया था, जिससे राजनीतिक तनाव और बढ़ गया।

अखिलेश यादव का प्रस्तावित दौरा और प्रशासन की तैयारी

अब सपा अध्यक्ष Akhilesh Yadav आज गढ़ी रसूलपुर गांव पहुंचकर करीब 45 मिनट तक पीड़ित परिवार से मुलाकात करेंगे। उनके दौरे को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। गांव और आसपास के क्षेत्रों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि किसी भी प्रकार की कानून-व्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो।

Location :  Hardoi

Published :  30 April 2026, 10:12 AM IST