हिंदी
प्रतीकात्मक छवि (सोर्स- AI)
Shamli: उत्तर प्रदेश का शामली जिला इस समय धर्म परिवर्तन के मामलों को लेकर लगातार सुर्खियों में बना हुआ है। देश के किसी न किसी कोने से हर दिन जबरन या साजिश के तहत धर्मांतरण की खबरें सामने आ रही हैं, जिसने समाज और सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। इसी बीच, शामली के आयुष मलिक प्रकरण की गूंज अभी शांत भी नहीं हुई थी कि जिले से एक और सनसनीखेज मामला सामने आ गया है। इस ताजा मामले ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि धर्म परिवर्तन के इस खेल के पीछे सिर्फ मजहबी दीवारें खड़ी करना ही नहीं, बल्कि संपत्तियों को हड़पने की बड़ी साजिशें भी रची जा रही हैं। ताजा घटनाक्रम में एक मुस्लिम युवती पर राजपूत समाज के युवक का जबरन धर्म परिवर्तन कराने और उसकी 35 बीघा कीमती जमीन पर नजर गड़ाने का गंभीर आरोप लगा है।
यह पूरा मामला शामली जिले के झिंझाना थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव भाऊखेड़ा का है। यहाँ रहने वाले राजपूत समाज के एक परिवार का आरोप है कि करीब डेढ़ साल पहले उनके इकलौते बेटे को सहारनपुर की रहने वाली एक मुस्लिम युवती अपने जाल में फंसाकर अपने साथ ले गई थी। तब से परिवार अपने कलेजे के टुकड़े की तलाश में दर-दर भटक रहा है। परिजनों का दावा है कि उस मुस्लिम युवती ने उनके बेटे का पूरी तरह से धर्म परिवर्तन करा दिया है और अब वह जबरन इस्लाम धर्म का पालन करने को मजबूर है। बात सिर्फ मजहब बदलने तक ही सीमित नहीं रही; पीड़ित परिवार का आरोप है कि अब वह युवती लगातार फोन पर धमकियां दे रही है कि परिवार अपनी 35 बीघा जमीन उसके नाम कर दे, अन्यथा पूरे परिवार को जान से मार दिया जाएगा।
Shamli Theft: शामली में चोरों का आतंक, एक रात में दो घरों को तोड़े ताले, जेवरात-नकदी पर हाथ साफ
जब स्थानीय स्तर पर पीड़ित परिवार की सुनवाई नहीं हुई, तो बुधवार को बेबस माता-पिता मुजफ्फरनगर के बघरा स्थित साधना पीठ आश्रम पहुंचे। वहाँ उन्होंने पीठाधीश्वर स्वामी यशवीर महाराज के सामने अपनी आपबीती सुनाई और न्याय की गुहार लगाई। स्वामी यशवीर महाराज ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत एक वीडियो संदेश जारी किया। उन्होंने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि एक पीड़ित परिवार पिछले डेढ़ वर्ष से अपने बेटे की घर वापसी और न्याय के लिए भटक रहा है, लेकिन तंत्र मूकदर्शक बना हुआ है।
स्वामी यशवीर महाराज ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि झिंझाना थाने में दी गई तहरीर के आधार पर तुरंत मुकदमा दर्ज किया जाए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि इस पूरे सिंडिकेट की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और यदि किसी मौलवी द्वारा इस धर्म परिवर्तन को अंजाम दिए जाने की पुष्टि होती है, तो उस मौलवी पर भी सख्त से सख्त कानूनी एक्शन लिया जाना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि शीघ्र ही आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई और युवक को वापस नहीं लाया गया, तो वे हिंदू समाज के लोगों को साथ लेकर ननौता में पीड़ित परिवार के घर के बाहर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू कर देंगे।
Encounter In UP: शामली में पुलिस और बदमाशों के बीच तड़तड़ाई गोलियां, 50 हजार का इनामी बदमाश ढेर
इस पूरे मामले पर पुलिस प्रशासन भी अब हरकत में आता दिखाई दे रहा है। शामली के पुलिस अधीक्षक (एसपी) एनपी सिंह ने बताया कि मामले को पूरी गंभीरता से लिया जा रहा है। उन्होंने झिंझाना थाना प्रभारी को इस पूरे प्रकरण की गहराई से जांच करने के सख्त निर्देश दे दिए हैं। एसपी के मुताबिक, जांच के दौरान जो भी तथ्य और सबूत सामने आएंगे, उनके आधार पर कानून के दायरे में रहते हुए कड़ी से कड़ी दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। बहरहाल, हर दिन आ रहे धर्मांतरण के इन मामलों ने क्षेत्र में तनाव और चिंता का माहौल पैदा कर दिया है।
Location : Shamli
Published : 2 July 2026, 2:43 PM IST