खेकड़ा के सांकरौद गांव में देवर ने अपनी भाभी की ईंट से कूचकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी छत से कूदकर घायल हो गया और मेरठ में इलाज चल रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

चंचल भाभी का फाइल फोटो
Baghpat: क्षेत्र के सांकरौद गांव में बुधवार शाम एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां देवर ने अपनी 26 वर्षीय भाभी की ईंट से सिर कूचकर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी दूसरी मंजिल से कूद गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतका की पहचान चंचल (26) पत्नी नवीन के रूप में हुई है। वह छह माह पहले एक बेटी की मां बनी थी। जानकारी के अनुसार, नवीन और उसका भाई साहिल लोनी में ऑटो रिपेयरिंग की दुकान चलाते हैं। बुधवार सुबह दोनों दुकान पर गए थे, लेकिन दोपहर में साहिल घर लौट आया।
कैसे दिया वारदात को अंजाम?
शाम को साहिल ने अपनी मां कमलेश को दूध लाने के लिए दुकान पर भेज दिया। इसी दौरान उसने घर में अकेली मौजूद अपनी भाभी चंचल पर ईंट से हमला कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद साहिल मकान की दूसरी मंजिल से कूद गया। सिर और पैर में चोट लगने पर उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर मेरठ रेफर कर दिया गया। वर्तमान में उसका उपचार मेरठ के एक निजी अस्पताल में चल रहा है।
बंदरों का डर बताकर किया गुमराह
घायल अवस्था में आरोपी साहिल ने अस्पताल में पूछताछ के दौरान कहा कि वह बंदरों से डरकर छत से नीचे गिर गया था। हालांकि, पुलिस हत्या के मामले में उससे लगातार पूछताछ कर रही है।
पति ने बंद किया फोन
पत्नी की हत्या की जानकारी मिलते ही पति नवीन ने अपना फोन बंद कर लिया। पुलिस ने उससे संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन देर रात तक वह घर नहीं पहुंचा। वहीं सूचना मिलते ही मृतका के माता-पिता भी गांव पहुंच गए। मामले की जांच में जुटे एएसपी प्रवीण कुमार चौहान ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि देवर द्वारा भाभी की हत्या की गई है और सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।