रवि प्रकाश हत्याकांड का सनसनीखेज खुलासा, आखिर इन 5 लोगों ने मिलकर क्यों दिया था वारदात को अंजाम?

देवरिया के सुरौली थाना क्षेत्र में हुए हत्या कांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने लिफ्ट देने के बाद युवक की पीट-पीटकर हत्या कर शव को खेत में फेंक दिया था। पुलिस ने हथियार और मोटरसाइकिलें भी बरामद की हैं।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 12 April 2026, 9:02 PM IST

Deoria: देवरिया के सुरौली थाना क्षेत्र में 28 मार्च 2026 को भटजमुआव के पास गेहूं के खेत में एक अज्ञात युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई थी। बाद में उसकी पहचान रवि प्रकाश के रूप में हुई, जो उन्नाव का रहने वाला था और देवरिया में एक फ्रूट सप्लायर कंपनी में काम करता था। मामले में मृतक के परिजनों की तहरीर पर केस दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की और इस सनसनीखेज हत्या का पर्दाफाश कर दिया।

CCTV और सर्विलांस से मिला सुराग

हत्या की गुत्थी सुलझाने के लिए सुरौली पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम को लगाया गया। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज में दो मोटरसाइकिलों पर सवार कुछ संदिग्ध युवक नजर आए, जिनके आधार पर पुलिस ने उनकी तलाश शुरू की। 12 अप्रैल को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर पांच आरोपियों करन भारती, धनंजय, पंकज भारती, अरुण कुमार और आकाश यादव को गिरफ्तार कर लिया।

लिफ्ट के बाद विवाद, फिर बेरहमी से हत्या

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि घटना वाले दिन रवि प्रकाश ने उनसे लिफ्ट मांगी थी। कुछ दूरी तय करने के बाद किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई, जिससे गुस्से में आकर आरोपियों ने लाठी-डंडों और कड़े से उसकी जमकर पिटाई कर दी। हद तो तब हो गई जब आरोपियों ने युवक के ऊपर मोटरसाइकिल चढ़ाकर उसकी हत्या कर दी और शव को गेहूं के खेत में फेंक दिया। आरोपी आकाश यादव मृतक का मोबाइल अपने साथ ले गया था।

हथियार और बाइक बरामद, 5 मोबाइल भी मिले

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल लाठी, कड़ा और अंगूठी के साथ पांच मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इसके अलावा घटना में इस्तेमाल दो मोटरसाइकिलें हीरो स्प्लेंडर और टीवीएस राइडर भी जब्त की गई हैं।

पुलिस की बड़ी कामयाबी, आगे की कार्रवाई जारी

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, सभी आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया है। इस पूरे मामले में सुरौली थाना पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम की अहम भूमिका रही। इस खुलासे के बाद इलाके में सनसनी है, वहीं पुलिस की कार्रवाई से यह संदेश गया है कि अपराधियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

Location :  Deoria

Published :  12 April 2026, 9:02 PM IST