
गोरखपुर में कलेक्ट्रेट कचहरी परिसर में चोरी
Gorakhpur : गोरखपुर कलेक्ट्रेट कचहरी परिसर में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। बीती रात चोरों ने कचहरी परिसर स्थित पांच दुकानों को निशाना बनाते हुए वहां से स्टाम्प पेपर, लैपटॉप, नकदी तथा अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेजों की चोरी कर ली। घटना के बाद दुकानदारों, अधिवक्ताओं और टाइपिस्टों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
मौके पर पहुंची डायनामाइट न्यूज की टीम से बातचीत करते हुए एक अधिवक्ता ने बताया कि कचहरी परिसर में प्रशासन की ओर से पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं है। उनका कहना था कि यह कोई पहली घटना नहीं है, बल्कि यहां आए दिन चोरी की वारदातें होती रहती हैं, लेकिन प्रशासन इस गंभीर समस्या पर ध्यान नहीं देता।
चोरी से प्रभावित दुकानदार अरविंद ने बताया कि उनकी दुकान से लैपटॉप, स्टेबलाइजर और नकदी की चोरी हुई है। उन्होंने कहा कि चोरों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि यह उनका नियमित पेशा बन गया है और प्रशासन उन्हें रोकने में पूरी तरह विफल साबित हो रहा है।
कचहरी परिसर में कार्यरत एक टाइपिस्ट ने डायनामाइट न्यूज को बताया कि मात्र दो दिन पहले ही उनके यहां से पंखा चोरी हो गया था। वहीं एक स्टाम्प विक्रेता ने बताया कि 5 फरवरी को उनकी दुकान से लैपटॉप, नकद रुपये तथा स्टाम्प पेपर चोरी हुए थे, जिसकी एफआईआर भी दर्ज कराई गई थी, लेकिन आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई और न ही चोरी गए सामान की बरामदगी हो सकी।
Gorakhpur Mystery: पिता की डांट नहीं सहन कर पाई बेटी, अचानक घर से भागकर छताई पुल से लगाई छलांग
अधिवक्ताओं ने कचहरी परिसर में पार्किंग व्यवस्था की बदहाली पर भी नाराजगी जताई। उनका कहना है कि अपने कार्यों से कचहरी आने वाले लोगों के वाहनों से हेलमेट की चोरी रोजाना की बात हो गई है। इसके बावजूद प्रशासन न तो प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध करा पा रहा है और न ही चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने में सफल हो रहा है।
स्थानीय लोगों और अधिवक्ताओं ने प्रशासन से कचहरी परिसर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ाने तथा चोरी की घटनाओं में शामिल अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
Location : Gorakhpur
Published : 3 June 2026, 1:10 PM IST