UP Road Accident: रायबरेली में ऐसे टला बड़ा हादसा, 10 मासूम बच्चे बाल-बाल बचे

रायबरेली के भदोखर थाना क्षेत्र में एक हादसा हो गया। सुबह स्कूली बच्चों को लेकर जा रही एक तेज रफ्तार वैन अनियंत्रित होकर पलट गई। वैन में करीब 10 बच्चे सवार थे। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 9 March 2026, 10:44 PM IST

Raebareli: रायबरेली जिले के भदोखर थाना क्षेत्र में एक स्कूली वैन दुर्घटनाग्रस्त हो गई। घटना की सूचना के बाद बच्चों के अभिभावकों में हड़कंप मच गया। जानकारी के मुताबिक मुलीहामऊ गांव के पास रुस्तमपुर मार्ग पर तेज रफ्तार से जा रही एक स्कूली वैन अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के समय वैन में करीब 10 स्कूली बच्चे सवार थे जो स्कूल जा रहे थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वैन अचानक संतुलन खो बैठी और सड़क किनारे पलट गई। दुर्घटना के बाद आसपास के लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर बच्चों को वैन से बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। गनीमत यह रही कि इस हादसे में कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई।

हालांकि वैन चालक अभय सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं वैन में सवार चार से पांच बच्चों को हल्की खरोचें आई हैं। स्थानीय लोगों और अभिभावकों की मदद से बच्चों को तुरंत प्राथमिक उपचार दिया गया। यह घटना शनिवार सुबह की है।

रायबरेली में होली पर जमकर छलके जाम, टूटा इतना साल पुराना रिकार्ड

स्कूल प्रबंधन ने दी घटना की जानकारी

इस मामले में राम जानकी पब्लिक स्कूल के मालिक रवि दीक्षित ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त वैन उनके स्कूल की स्थाई गाड़ी नहीं थी, बल्कि अस्थायी तौर पर बच्चों को लाने-ले जाने के लिए लगाई गई थी। उन्होंने बताया कि शनिवार को स्कूल का नियमित वाहन खराब हो गया था, जिसके कारण एक निजी वैन चालक बच्चों को लेकर स्कूल आ रहा था। रास्ते में ही यह हादसा हो गया।

रवि दीक्षित ने कहा कि वैन में कुल 10 बच्चे सवार थे। कुछ बच्चों को मामूली चोट आई थी, जिनका तुरंत फर्स्ट एड कराया गया और बाद में उन्हें उनके घर भेज दिया गया। उन्होंने यह भी बताया कि शनिवार को बच्चों की परीक्षा थी, इसलिए वे स्कूल आ रहे थे। स्कूल प्रबंधन के अनुसार सभी बच्चे सुरक्षित हैं और अभिभावकों को भी घटना की जानकारी दे दी गई है।

रायबरेली के दो होनहारों ने क्लियर किया यूपीएससी, जानें पूरी खबर

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलने के बाद थाना भदोखर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने घायल चालक को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया। थाना भदोखर के थानाध्यक्ष राकेश आनंद ने बताया कि शनिवार सुबह स्कूल के बच्चों को ले जा रही एक मारुति ओमनी वैन दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। इस हादसे में चालक अभय सिंह घायल हुआ है, जबकि वैन में सवार सभी बच्चे सुरक्षित हैं।

उन्होंने बताया कि अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस में कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण अक्सर हादसे होते रहते हैं। ऐसे में प्रशासन से सड़क सुरक्षा को लेकर सख्त कदम उठाने की मांग की जा रही है।

Location : 
  • Raebareli

Published : 
  • 9 March 2026, 10:44 PM IST