‘मेरे बेटे को बचा लो’ कानपुर आग में मां की चीख, दो घंटे तक मौत से जूझते रहे 24 लोग

कानपुर के केशवपुरम में तीन मंजिला इमारत में लगी भीषण आग के दौरान 24 लोग फंस गए थे। धुएं से घिरे लोगों ने मोबाइल की टॉर्च जलाकर मदद का संकेत दिया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद सभी को सुरक्षित बाहर निकाला गया...

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 19 September 2026, 4:13 PM IST

Kanpur News: तीन मंजिला इमारत में लगी भीषण आग के बीच जिंदगी बचाने की जद्दोजहद का खौफनाक मंजर सामने आया। चारों तरफ धुआं ही धुआं था, सांस लेना मुश्किल हो चुका था और बाहर निकलने का कोई रास्ता नजर नहीं आ रहा था। ऐसे हालात में फंसे लोगों ने मोबाइल की टॉर्च जलाकर अपनी मौजूदगी का अहसास कराया और मदद की उम्मीद बनाए रखी। करीब दो घंटे तक चली रेस्क्यू कार्रवाई के बाद शॉपिंग कॉम्प्लैक्स और होटल में फंसे 24 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

बर्थडे पार्टी के बीच धुएं ने मचा दी दहशत

डबल पुलिया निवासी सनी भारद्वाज अपने दोस्तों के साथ केशवपुरम स्थित सनबर्न ओयो होटल में बर्थडे पार्टी मनाने पहुंचे थे। सनी के मुताबिक, कुछ दोस्त पहले ही आ चुके थे और बाकी लोगों का इंतजार किया जा रहा था। इसी दौरान अचानक कमरे में धुएं की गंध आने लगी। शुरुआत में लोगों को लगा कि कहीं कुछ जल रहा होगा, लेकिन कुछ ही मिनटों में धुआं इतना बढ़ गया कि सांस लेना मुश्किल हो गया। जब वे कमरे से बाहर निकले तो पूरा फ्लोर धुएं से भर चुका था। सीढ़ियां और लिफ्ट दिखाई नहीं दे रही थीं।

मोबाइल टॉर्च से देते रहे जिंदा होने का संकेत

हालात बिगड़ते देख सनी और उनके साथियों ने कुर्सियों की मदद से सड़क की तरफ बनी कांच की खिड़कियां तोड़ीं। इसके बाद मोबाइल की टॉर्च जलाकर बाहर मौजूद लोगों को बताया कि वे अंदर फंसे हुए हैं। सनी ने बताया कि उस समय ऐसा लग रहा था कि शायद अब बचना मुश्किल है। करीब दो घंटे बाद दमकल कर्मी ऑक्सीजन सिलेंडर के साथ ऊपर पहुंचे और सभी लोगों को छत तक ले गए। इसके बाद उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला गया।

बेटे को बचाने के लिए मां लगाती रही गुहार

आग की खबर मिलते ही सनी की मां सीमा भारद्वाज भी मौके पर पहुंच गईं। बेटे को धुएं के बीच फंसा देखकर उनकी आंखों के सामने अंधेरा छा गया। वह रोते हुए पुलिस और दमकल कर्मियों से बेटे समेत सभी लोगों को बचाने की गुहार लगाने लगी। सीमा ने बताया कि उन्होंने इससे पहले लखनऊ में हुए अग्निकांड की खबरें देखी थीं, इसलिए वह काफी डर गई थीं। जब बेटा सुरक्षित बाहर आया तो उन्होंने उसे गले लगा लिया।

बेसमेंट में लगी आग, ऊपर तक पहुंचा धुआं

जानकारी के मुताबिक, केशवपुरम आवास विकास-1 स्थित तीन मंजिला इमारत के बेसमेंट में बने गोदाम में शुक्रवार शाम शॉर्ट सर्किट से आग लगी थी। इस इमारत में भूतल और पहली मंजिल पर मैक्स शोरूम जबकि तीसरी मंजिल पर सनबर्न ओयो होटल संचालित था। गोदाम से उठी आग की लपटें और जहरीला धुआं ऊपर तक पहुंच गया, जिससे शॉपिंग कॉम्प्लैक्स और होटल में मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

आठ दमकल गाड़ियों ने संभाला मोर्चा

सूचना मिलने के बाद पनकी, फजलगंज, किदवईनगर समेत कई फायर स्टेशनों से दमकल की आठ गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल टीमों ने पहले धुएं को नियंत्रित करने के लिए पानी की बौछार की और स्मोक एग्जॉस्टर की मदद से बिल्डिंग के अंदर भरा धुआं बाहर निकाला। इसके बाद दमकल कर्मियों ने ब्रीदिंग अप्रेटस सेट पहनकर इमारत में प्रवेश किया। टीम ने शॉपिंग कॉम्प्लैक्स में फंसे 15 लोगों और होटल में मौजूद नौ लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।

सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल

इस घटना के बाद इमारत में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। बताया गया कि बिल्डिंग में आपातकालीन निकास की व्यवस्था नहीं थी और पर्याप्त अग्निशमन उपकरण भी मौजूद नहीं थे। होटल वाले फ्लोर से नीचे आने के लिए केवल एक रास्ता था। फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है। समय रहते हुए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू होने से बड़ी अनहोनी टल गई।

Location :  Kanpur

Published :  19 September 2026, 4:13 PM IST