यूपी में सपा महिला जिलाध्यक्ष पर हमला, घर में घुसकर बाल नोचे, टेबल से पीटा; CCTV वीडियो वायरल

चंदौली के मुगलसराय क्षेत्र में समाजवादी पार्टी की महिला जिलाध्यक्ष गार्गी सिंह पटेल के घर में घुसकर दबंगों द्वारा मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि हमलावरों ने बाल पकड़कर जमीन पर गिराया और टेबल से हमला किया। पूरी घटना CCTV कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 28 May 2026, 7:04 PM IST
google-preferred

Chandauli : मुगलसराय इलाके में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब समाजवादी पार्टी की महिला जिलाध्यक्ष गार्गी सिंह पटेल के घर में घुसकर दबंगों ने ताबड़तोड़ हमला कर दिया। घर के अंदर हुई इस हिंसक वारदात ने इलाके में दहशत फैला दी। हमलावरों ने महिला नेता को बाल पकड़कर जमीन पर गिराया, लात-घूंसों से पीटा और कमरे में रखी टेबल तक उठाकर हमला कर दिया। पूरी घटना घर में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

घर में घुसते ही शुरू कर दी मारपीट

जानकारी के मुताबिक, घटना मुगलसराय क्षेत्र के मड़िया पड़ाव की है। आरोप है कि करीब पांच लोग अचानक गार्गी सिंह पटेल के घर में घुस आए। पहले कहासुनी हुई और फिर मामला हिंसक झड़प में बदल गया। हमलावरों में महिलाएं भी शामिल बताई जा रही हैं। वायरल वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि दबंग किस तरह महिला नेता को घसीटते हुए मारपीट कर रहे हैं। इस दौरान घर में अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए।

CCTV फुटेज से मचा बवाल

घर में लगे CCTV कैमरे में पूरी वारदात रिकॉर्ड हो गई। वीडियो वायरल होते ही लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। सोशल मीडिया पर लोग कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठा रहे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावर लगातार अभद्र भाषा का इस्तेमाल कर रहे थे और बेहद आक्रामक तरीके से हमला कर रहे थे। गार्गी सिंह पटेल खुद को बचाने की कोशिश करती रहीं, लेकिन हमलावरों ने उन्हें संभलने तक का मौका नहीं दिया।

चंदौली में भीषण सड़क हादसा, ट्रक से टकराई तेज रफ्तार मैजिक, 17 लोग घायल

कारोबारी विवाद की चर्चा

समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष सत्यनारायण राजभर ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि मामला किसी कारोबारी विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है। हालांकि पार्टी पूरे मामले की जानकारी जुटा रही है। उन्होंने कहा कि अगर एक महिला नेता अपने घर में सुरक्षित नहीं है तो आम जनता की सुरक्षा का अंदाजा लगाया जा सकता है। पार्टी ने आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस जांच में जुटी

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की शिकायत मिल चुकी है और तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। वायरल CCTV फुटेज को भी जांच में शामिल किया गया है। पुलिस आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Chandauli

Published :  28 May 2026, 6:28 PM IST

Advertisement