
किसानों के हक के लिए सपा ने किया धरना
Kannauj: कन्नौज में किसानों के मुद्दे पर समाजवादी पार्टी ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। पार्टी के नेताओं ने जिलाधिकारी कार्यालय कन्नौज पहुंचकर एक साथ धरना दिया और सरकार की नीतियों पर तीखा हमला करते हुए 6 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा। समाजवादी पार्टी के नेताओं का कहना है कि भाजपा सरकार किसानों की उपेक्षा कर रही है और उनकी समस्याओं पर ध्यान नहीं दे रही।
कन्नौज के जिलाध्यक्ष कलीम खान ने कहा कि भाजपा सरकार में किसानों की स्थिति खराब हो गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि महंगे खाद-बीज और दवाओं के कारण किसानों की उपज महंगी हो रही है, लेकिन उन्हें उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा। इस बार आलू की फसल भी निचले दामों पर बिक रही है, जिससे किसान परेशान हैं। इसके अलावा समय पर खाद और बीज न मिल पाने के कारण किसानों को आर्थिक और मानसिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
पूर्व विधायक अरविंद सिंह यादव और समाजवादी पार्टी के नेता जय कुमार तिवारी ने भी भाजपा सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने किसानों को उनके अधिकारों से वंचित कर दिया है और उन्हें मुश्किलों में धकेल दिया है। यादव और तिवारी ने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा से किसानों के हितों के लिए संघर्ष करती रही है और आज भी अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व में किसानों के अधिकारों के लिए आवाज उठाती है। सपा नेताओं ने यह भी कहा कि जब किसान अपनी समस्याओं के समाधान के लिए आवाज उठाते हैं, तो सरकार उनपर लाठियां चलाती है। भाजपा नेताओं द्वारा किसानों को अपमानित करने का आरोप भी लगाया गया। उनका कहना था कि सरकार किसानों को खाद की बजाय लाठियां और लंबी कतारें दे रही है।
किसानों के हक के लिए सपा ने किया धरना
धरने के दौरान समाजवादी पार्टी ने जिलाधिकारी को 6 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा। इनमें मुख्य रूप से खाद, बीज, सिंचाई, और बाढ़ से प्रभावित किसानों के मुआवजे की मांग की गई।
कन्नौज में अधिकतर किसान आलू की खेती पर निर्भर हैं। आलू की अगैती फसल के लिए खाद और बीज की तत्काल आवश्यकता है। लेकिन जनपद की सहकारी समितियों में डीएपी, एनपीके, पोटाश और बीज की भारी कमी है। समाजवादी पार्टी ने मांग की है कि सभी सहकारी समितियों में तुरंत खाद और बीज उपलब्ध कराया जाए।
कई सहकारी समितियों में खाद और बीज सत्ता पक्ष के चेहते लोगों में बांटा जा रहा है और उसकी कालाबाजारी हो रही है। सपा ने मांग की है कि सभी किसानों को बिना भेदभाव खाद और बीज वितरित किए जाएं।
खाद और बीज के परिवहन में कमी हो रही है, जिसकी वजह से किसानों को समय पर उनकी जरूरत का सामान नहीं मिल पा रहा है। सपा ने इस समस्या के समाधान के लिए खाद-बीज के परिवहन की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।
किसानों के लिए सिंचाई की सुविधा उपलब्ध कराना सरकार का कर्तव्य है। लेकिन भाजपा सरकार में बिजली की अघोषित कटौती किसानों के लिए सिरदर्द बन चुकी है। सपा ने मांग की है कि किसानों को निर्बाध रूप से बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, खासकर जब वे धान की फसल के लिए सिंचाई कर रहे हों।
कन्नौज में कई गांव बाढ़ की चपेट में हैं और किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है। सपा ने मांग की है कि बाढ़ प्रभावित किसानों का सर्वे कराकर उन्हें उचित मुआवजा दिया जाए।
सपा ने यह भी कहा कि किसानों को अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने का पूरा अधिकार है और सरकार को उनकी समस्याओं का समाधान करने की जिम्मेदारी लेनी चाहिए।
Location : Kannauj
Published : 22 August 2025, 4:25 PM IST
Topics : farmers kannauj Kannauj DM Samajwadi Party