Mainpuri में Samajwadi Party का हल्लाबोल; डॉ. भीमराव अंबेडकर की अस्थियों से जुड़ा मामला…

समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री आलोक कुमार शाक्य के नेतृत्व में सोमवार को राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन जिलाधिकारी मैनपुरी के माध्यम से भेजा गया।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 9 June 2026, 1:59 PM IST
google-preferred

Mainpuri: समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री आलोक कुमार शाक्य के नेतृत्व में सोमवार को राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन जिलाधिकारी मैनपुरी के माध्यम से भेजा गया। ज्ञापन में लखनऊ के 10 विधानसभा मार्ग स्थित भारतरत्न बोधिसत्व बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर महासभा परिसर में स्थापित बाबा साहेब की पवित्र अस्थियों को अन्यत्र स्थानांतरित किए जाने की प्रस्तावित प्रक्रिया पर रोक लगाने तथा पूरे परिसर के संरक्षण की मांग की गई।

ज्ञापन में बताया गया कि वर्ष 1990 से यह संस्था लगातार बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की स्मृतियों और उनसे जुड़े ऐतिहासिक स्थलों के संरक्षण का कार्य कर रही है। परिसर में बाबा साहेब की अस्थियां, ऐतिहासिक ‘आनंद बौद्धिका’ शाखा, बौद्ध विहार तथा उनकी स्मृति में स्थापित प्रतिमाएं मौजूद हैं, जो देशभर के करोड़ों अनुयायियों की आस्था का केंद्र मानी जाती हैं।

ज्ञापन के अनुसार 14 अप्रैल 2026 को बाबा साहेब की जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में यह घोषणा की गई थी कि बाबा साहेब की अस्थियों को वर्तमान स्थान से स्थानांतरित कर ऐशबाग क्षेत्र में बनाए गए डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मारक एवं सांस्कृतिक स्थल पर स्थापित किया जाएगा। इस घोषणा के बाद अनुयायियों में चिंता और असंतोष व्याप्त है।

ज्ञापन में कहा गया कि अस्थियों का स्थानांतरण करोड़ों लोगों की धार्मिक भावनाओं और श्रद्धा को ठेस पहुंचा सकता है। इसलिए सरकार को इस निर्णय पर पुनर्विचार करना चाहिए। साथ ही परिसर में स्थित ऐतिहासिक धरोहरों, बौद्ध विहार, आनंद बौद्धिका शाखा तथा बाबा साहेब की 12 फीट ऊंची प्रतिमा को यथास्थान सुरक्षित रखने की मांग भी उठाई गई।

प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि 10 विधानसभा मार्ग स्थित भूमि को स्थायी रूप से महासभा के नाम आवंटित किया जाए तथा परिसर के संरक्षण और सौंदर्यीकरण के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जाएं। ज्ञापन पर समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष आलोक कुमार शाक्य सहित कई पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के हस्ताक्षर मौजूद रहे।

इस दौरान उपस्थित लोगों ने बाबा साहेब की विरासत और स्मृतियों के संरक्षण को सामाजिक एवं ऐतिहासिक दृष्टि से महत्वपूर्ण बताते हुए सरकार से मांगों पर गंभीरता से विचार करने की अपील की।

Location :  Mainpuri

Published :  9 June 2026, 1:59 PM IST

Advertisement