Shilpi Murder Case: हरदोई कांड पर अखिलेश यादव ने यूपी सरकार को घेरा, बोले-पीड़ित बेटी को संतुष्ट बताने वाले अफसरों को हटाओ

हरदोई हत्याकांड को लेकर सियासत तेज हो गई है। अखिलश यादव ने अधिकारियों की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने गाजीपुर की घटना का भी जिक्र किया, जहां पत्थरबाजी की बात कही गई। इन बयानों के बाद कानून-व्यवस्था को लेकर चर्चा बढ़ गई है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 30 April 2026, 4:04 PM IST

Hardoi: हरदोई जिले की बेलग्राम विधानसभा के ग्राम गढ़ी रसूलपुर में शिल्पी कुशवाहा की निर्मम हत्या के मामले ने प्रदेश की राजनीति को गर्म कर दिया है। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने आज गुरुवार को पीड़ित परिवार से मुलाकात कर गहरा शोक व्यक्त किया और उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिया।

इस दौरान उन्होंने कहा कि यह घटना बेहद दुखद है और इसकी जितनी निंदा की जाए कम है। उन्होंने मृतका के पिता राम रईस कुशवाहा के घर पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की और परिवार को हर संभव कानूनी सहायता देने का आश्वासन दिया।

“न्याय नहीं मिला, इसलिए गई जान”

अखिलेश यादव ने कहा कि पीड़ित परिवार और स्वयं बेटी ने कई बार थाने में शिकायत की थी, लेकिन उसे न्याय नहीं मिला। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि अगर समय रहते कार्रवाई होती तो शायद यह घटना टल सकती थी। उन्होंने दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग करते हुए कहा कि जो लोग अपराधियों का साथ दे रहे हैं, उन्हें भी सजा मिलनी चाहिए। साथ ही उन्होंने इस पूरे मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग उठाई।

शिल्पी कुशवाहा हत्याकांड: पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे अखिलेश यादव

अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की मांग

अखिलेश यादव ने इस मामले में तीखा हमला करते हुए कहा कि जिन अधिकारियों ने यह कहा कि “बेटी संतुष्ट है”, उन्हें तुरंत नौकरी से टर्मिनेट कर देना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह बेहद गंभीर लापरवाही है कि शिकायत के बावजूद पीड़िता को न्याय नहीं मिला और अंततः उसकी जान चली गई।

गाजीपुर और प्रतापगढ़ की घटनाओं का भी जिक्र

अखिलेश यादव ने सिर्फ हरदोई ही नहीं बल्कि अन्य जिलों की घटनाओं को भी उठाया। उन्होंने कहा कि गाजीपुर में जब एक विश्वकर्मा समाज की बेटी को न्याय दिलाने गए थे, तब पत्थरबाजी कर दंगा फैलाने की कोशिश की गई। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या यह सब पुलिस प्रशासन की जानकारी में नहीं था? इसके अलावा उन्होंने प्रतापगढ़ की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि वहां भी एक मौर्य समाज बेटी की हत्या कर उसे पेड़ से लटका दिया गया।

Hardoi Shilpi Murder Case: पीड़िता का भाई बोला-अखिलेश यादव के आने से जगी न्याय की उम्मीद

“महिलाओं के खिलाफ अपराध में यूपी सबसे आगे”

अखिलेश यादव ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर आंकड़ों को देखा जाए तो उत्तर प्रदेश में महिलाओं और बेटियों के साथ सबसे ज्यादा अन्याय हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार और पुलिस न्याय दिलाने में पूरी तरह विफल रही है, जिसके कारण ऐसी घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक है और इसका खामियाजा आम जनता, खासकर महिलाओं को भुगतना पड़ रहा है।

सरकार पर साधा निशाना

अपने दौरे के दौरान अखिलेश यादव ने प्रदेश सरकार पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि प्रशासनिक तंत्र पूरी तरह निष्क्रिय हो चुका है। उन्होंने दोहराया कि जब तक दोषियों को सख्त सजा नहीं मिलेगी और लापरवाह अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं होगी, तब तक ऐसी घटनाएं रुकने वाली नहीं हैं। उन्होंने पीड़ित परिवार को भरोसा दिलाया कि समाजवादी पार्टी उनके साथ खड़ी है और न्याय की लड़ाई में हर संभव मदद करेगी।

Location :  Hardoi

Published :  30 April 2026, 4:04 PM IST