हिंदी
सहारनपुर में थार गाड़ी हुई हादसे का शिकार (IMG: Dynamite News)
Saharanpur News: दशहरे की छुट्टी पर दोस्तों के साथ मसूरी घूमने निकले पांच युवकों का सफर दर्दनाक हादसे में बदल गया। रविवार तड़के करीब 4 बजे सहारनपुर में तेज रफ्तार थार डिवाइडर से टकराकर पलट गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि गाड़ी का अगला हिस्सा बुरी तरह पिचक गया और उसमें सवार तीन दोस्तों की जान चली गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की खबर मिलते ही परिवारों में चीख-पुकार मच गई। पोस्टमॉर्टम हाउस पहुंचे पिता अपने जवान बेटों के शव देखकर फूट-फूटकर रो पड़े।
यह हादसा सहारनपुर जिले के नागल थाना क्षेत्र में बेलड़ा गोल चक्कर के पास हुआ। मृतकों की पहचान साहिल तिवारी (25), राहुल सिंह (25) और सक्षम गौतम (22) के रूप में हुई है। हादसे में सचिन और हेमंत वर्मा गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों चचेरे भाई हैं और जिला अस्पताल में भर्ती हैं। जानकारी के मुताबिक, पांचों दोस्त दशहरे की छुट्टी पर घूमने के लिए निकले थे। वे शनिवार रात करीब 9 बजे आगरा से मसूरी जाने के लिए थार में सवार हुए थे। किसी को अंदाजा नहीं था कि यह सफर तीन परिवारों के लिए जिंदगी भर का दर्द बन जाएगा।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रविवार तड़के करीब 4 बजे थार तेज रफ्तार से बेलड़ा गोल चक्कर के पास से गुजर रही थी। इसी दौरान अचानक जोरदार धमाके की आवाज सुनाई दी। लोग मौके पर पहुंचे तो गाड़ी पलटी हुई थी और उसके शीशे टूटकर सड़क पर बिखरे पड़े थे। हादसे में दो युवक पुल के नीचे जा गिरे थे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने गाड़ी के दरवाजे तोड़कर अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सड़क तक लाया गया और एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने तीन युवकों को मृत घोषित कर दिया।
घायल सचिन ने बताया कि राहुल एक निजी अस्पताल में कंपाउंडर था, जबकि सक्षम सनफार्मा क्लासिक कंपनी में एरिया मैनेजर के पद पर काम करता था। सचिन नोएडा में नौकरी करता है और दशहरे की छुट्टी पर घर आया था।उसके मुताबिक, थार हेमंत चला रहा था और वह आगे की सीट पर बैठा था। तीनों मृतक पीछे बैठे थे। हादसे के समय सचिन सो रहा था। उसकी आंख खुली तो उसने खुद को सड़क पर पड़ा पाया। उसे समझ नहीं आया कि गाड़ी अचानक कैसे बेकाबू हुई और डिवाइडर से टकरा गई।
साहिल तिवारी अपने परिवार का इकलौता बेटा था। उसके पिता सेना में हैं और माता-पिता दिल्ली में रहते हैं। साहिल अपने मामा के साथ रहता था। हादसे की खबर मिलने के बाद परिवार सहारनपुर के लिए रवाना हो गया। उधर, राहुल के पिता गोपाल सिंह ने बताया कि उनका बेटा शनिवार दोपहर करीब 3 बजे गाड़ी लेकर घर से निकला था। रात करीब 8 बजे फोन पर बात हुई तो राहुल ने घर आने की बात कही, लेकिन कुछ देर बाद उसने घूमने जाने की जानकारी दी। पिता ने उसे घर लौटने के लिए कहा था, मगर वह नहीं माना। रविवार सुबह करीब 5 बजे परिवार को हादसे की सूचना मिली। राहुल पांच भाई-बहनों में से एक था। उसकी मौत की खबर ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया। फिलहाल हादसे के कारणों को लेकर जांच की जा रही है। तीन युवकों की मौत से उनके परिवारों में मातम पसरा हुआ है।
Location : Saharanpur
Published : 18 October 2026, 1:23 PM IST