
सहारनपुर पुलिस (Img: Google)
Saharanpur: अपराधियों के खिलाफ प्रशासन ने बड़ा वार किया है। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में सक्रिय 12 शातिर बदमाशों पर एक साथ कार्रवाई करते हुए उन्हें 6 महीने के लिए जिलाबदर कर दिया गया है। इस फैसले के बाद अपराध जगत में हड़कंप मच गया है।
पुलिस उपमहानिरीक्षक सहारनपुर परिक्षेत्र अभिषेक सिंह के सख्त रुख और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन सिंह के दिशा-निर्देशों के चलते जिले में लगातार अपराधियों पर शिकंजा कसा जा रहा है। एसपी सिटी व्योम बिंदल और एसपी देहात सागर जैन के नेतृत्व में यह कार्रवाई और तेज हो गई है। जिसके तहत बड़े स्तर पर अपराधियों को चिन्हित कर कार्रवाई की जा रही है।
जिला मजिस्ट्रेट और अपर जिला मजिस्ट्रेट ने यूपी गुंडा एक्ट की धारा 3 के तहत 12 अपराधियों को 6 माह के लिए जिले से बाहर करने का आदेश दिया है। इन अपराधियों पर आरोप है कि ये लगातार क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों में लिप्त थे और कानून-व्यवस्था के लिए खतरा बने हुए थे।
जिलाबदर किए गए अपराधियों में कोतवाली नगर, थाना मंडी, सदर बाजार, कुतुबशेर, सरसावा, चिलकाना, देवबंद और गंगोह थाना क्षेत्रों के कुख्यात बदमाश शामिल हैं। इनमें आशीष शर्मा उर्फ गागू, रहमान, वैभव गर्ग उर्फ ऐली, इमरान और गुरमीत समेत कुल 12 अपराधियों के नाम शामिल हैं, जो लंबे समय से पुलिस के रडार पर थे।
नवरात्र मेले से पहले सहारनपुर में पोस्टर विवाद, हिंदू संगठनों ने उठाई ये मांग, जानें पूरा मामला
प्रशासन ने साफ निर्देश दिया है कि ये सभी अपराधी 6 महीने तक सहारनपुर जिले की सीमा में प्रवेश नहीं करेंगे। हालांकि, अगर किसी मामले में उनकी अदालत में पेशी है, तो वे केवल निर्धारित तारीख पर ही जिले में आ सकेंगे। इस आदेश के उल्लंघन पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Location : Saharanpur
Published : 1 April 2026, 2:58 AM IST