बरेली के भोजीपुरा थाना क्षेत्र में राइस मिलर के घर आधी रात बदमाशों ने धावा बोलकर लाखों की लूट की। भागते वक्त एक बदमाश छत से कूदकर घायल हो गया, जिसे परिवार और ग्रामीणों ने पकड़ लिया।

इसी घर में हुई थी घटना
Bareilly: बरेली के भोजीपुरा थाना क्षेत्र के कस्बा धौंराटांडा में बृहस्पतिवार आधी रात उस वक्त सनसनी फैल गई जब हथियारबंद बदमाशों ने एक राइस मिलर के घर धावा बोल दिया। रात करीब दो बजे घर के मुख्य गेट का ताला काटकर अंदर घुसे बदमाशों ने पूरे परिवार को तमंचा दिखाकर बंधक बना लिया और लाखों की नकदी व जेवरात समेट ले गए। लूट के बाद भागते समय एक बदमाश छत से कूद गया और उसके दोनों पैर टूट गए। साथी बदमाश उसे छुड़ाने के लिए कुछ देर तक फायरिंग करते रहे, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई।
चैनल गेट काटकर घर में घुसे बदमाश
वार्ड चार निवासी अकील अहमद के बड़े बेटे मोहम्मद रिहान यूनाइटेड राइस मिल चलाते हैं। उनका घर कस्बे से बाहर मियांपुर रोड पर है। रिहान के मुताबिक रात में जब उनके पिता अकील अहमद लघुशंका के लिए उठे, तभी बदमाशों ने उन्हें पकड़ लिया। आरोप है कि रिहान और उनके भाई मोहम्मद रिजवान को जगाकर पूरे परिवार को तमंचे के बल पर धमकाया गया। अकील अहमद के हाथ कपड़े से बांध दिए गए और सभी को एक जगह बैठाकर लूटपाट की गई।
8.32 लाख नकद और जेवर ले गए
परिवार का आरोप है कि बदमाश घर में रखे 8 लाख 32 हजार रुपये नकद और करीब छह तोला सोने-चांदी के जेवर लेकर फरार होने लगे। जैसे ही घरवालों ने शोर मचाया, एक बदमाश छत से कूद पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके पैर टूट गए और वह वहीं गिर पड़ा।
परिवार की बहादुरी, घायल बदमाश दबोचा
रिहान ने बताया कि बदमाशों ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग भी की, लेकिन परिवार ने हिम्मत नहीं हारी। घायल बदमाश को घर के अंदर खींच लिया गया और छत पर चढ़कर ईंट-पत्थरों से जवाब दिया गया। ग्रामीणों के जुटने पर बाकी बदमाश फायरिंग करते हुए भाग निकले।
पीलीभीत का निकला बदमाश, हालत नाजुक
सूचना पर डायल 112 पहुंची और घायल बदमाश को भोजीपुरा थाने ले जाया गया। पुलिस ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार सिंह ने बताया कि पकड़ा गया बदमाश नन्हे उर्फ रीतराम है, जो पीलीभीत जिले के थाना दियोरिया कलां के गांव मामदपुर का निवासी है और उसके खिलाफ पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। एसपी उत्तरी मुकेश चंद्र मिश्रा के मुताबिक CCTV फुटेज में कुल तीन बदमाश नजर आ रहे हैं। हालत में सुधार होने के बाद उससे पूछताछ कर पूरे गिरोह का खुलासा किया जाएगा।