
सड़क विवाद बना जानलेवा
Gorakhpur: बांसगांव थाना क्षेत्र के ग्राम सैरो (बनटोला) में सरकारी आरसीसी सड़क को लेकर हुआ पुराना विवाद अब मौत में बदल गया। इलाज के दौरान घायल युवक सुरेन्द्र यादव की बीती रात मौत हो जाने से गाँव में आक्रोश फैल गया। मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने खजनी-सिकरीगंज मुख्य मार्ग पर शव रखकर जाम लगा दिया। ग्रामीण उच्च अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े हुए हैं। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष बांसगांव जितेन्द्र कुमार सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है।
घटना छह नवंबर शाम की बताई जा रही है। ग्राम सभा द्वारा निर्मित आरसीसी सड़क गांव से आने-जाने का मुख्य मार्ग है। आरोप है कि इसी सड़क को नुकसान पहुँचाने को लेकर पट्टीदारों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। गुरुवार शाम करीब 5:30 बजे संगीता देवी के घर के सामने उक्त सड़क पर उनके पट्टीदार परशुराम पुत्र सरेख, उमाशंकर पुत्र स्व. जयराम यादव, मुन्नी देवी पत्नी परशुराम और गीता देवी पत्नी जयराम ट्रैक्टर से जुताई कर मिट्टी काट रहे थे। इसी बीच संगीता देवी के पति सुरेन्द्र यादव ने सड़क खराब करने का विरोध किया।
गोरखपुर: आईटीएम गीडा के छात्रों ने किया नवाचार, दुर्घटना में खुद बुलाएगा एम्बुलेंस
आरोप है कि विरोध सुनते ही चारों नामजद आरोपियों ने सुरेन्द्र को घेर लिया और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। घटना यहीं नहीं रुकी, आरोपियों ने सुरेन्द्र के सिर को बिजली के पोल से कई बार जोर से पटक दिया, जिससे वह मौके पर ही बेहोश हो गए। चीख-पुकार सुनकर संगीता देवी और उनका बेटा आलोक मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी धमकी देते हुए फरार हो चुके थे।
गंभीर स्थिति में घायल सुरेन्द्र को पहले स्थानीय सावित्री हॉस्पिटल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने हालत नाजुक बताते हुए उन्हें लखनऊ PGI रेफर कर दिया। कई घंटों इलाज के बाद शनिवार रात सुरेन्द्र ने दम तोड़ दिया।
मौत की खबर मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने शव रखकर खजनी-सिकरीगंज मार्ग जाम कर दिया। ग्रामीणों का कहना है कि हरनही चौकी पुलिस ने घटना के बाद गंभीरता नहीं दिखाई, आरोपी खुलेआम घूमते रहे। अब परिजन और ग्रामीण उच्चाधिकारियों की मौके पर मौजूदगी और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।पुलिस प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है। गांव में तनाव बना हुआ है।
Location : Gorakhpur
Published : 9 November 2025, 1:33 PM IST
Topics : crime news Gorakhpur News Gorakhpur Police UP News