
बलरामपुर में भीषण सड़क हादसा (इमेज सोर्स- डाइनामाइट न्यूज)
Balrampur: जनपद में भीषण दुर्घटना की खबर है। श्रीदत्तगंज थाना क्षेत्र के उतरौला- बलरामपुर मुख्य मार्ग पर स्थित गालिबपुर के पास दो तेज रफ्तार बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में सभी युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
हादसा मंगलवार देर रात का है।
मृतकों की पहचान बलुहा मोहल्ला निवासी आशीष सोनी (22), बड़ापुल खलवा दक्षिणी निवासी सूरज कश्यप (20) और इमलिया रज्जाक गांव निवासी 17 वर्षीय आकाश वर्मा के रूप में हुई है।
इमिलिया रज्जाक गांव निवासी वंशराज ने बताया कि उनका पोता आकाश वर्मा (17) अपनी मौसी के घर धौरहरी गांव सामान देने जा रहा था। इसी दौरान गालिबपुर चौराहा के पास बलरामपुर की तरफ से आ रही बाइक से उसकी बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने बताया कि जांच में सामने आया है कि टक्कर के वक्त किसी भी युवक ने हेलमेट नहीं पहन रखा था, जो उनकी जान जाने का एक प्रमुख कारण बना। वहीं, हादसे में जान गंवाने वाले 17 वर्षीय आकाश वर्मा के नाबालिग होने की भी पुष्टि हुई है।
प्रभारी निरीक्षक अविरल शुक्ला ने बताया कि प्रथम दृष्टया हादसे की वजह दोनों बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे और तेज रफ्तार के कारण हादसा हुआ है।
सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया है। मृतक आकाश की मां प्रेमा बदहवास हो गईं, जबकि पिता बृजलाल मुंबई में होने के कारण घटना की खबर सुनकर घर के लिए रवाना हो गए। बताया गया कि आकाश पांच भाइयों में दूसरे नंबर पर था और कुछ दिनों बाद मुंबई जाने की तैयारी में था।
यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा नियमों की अनदेखी के गंभीर परिणामों को उजागर करता है। हेलमेट न पहनना और तेज रफ्तार में वाहन चलाना अक्सर जानलेवा साबित होता है। खास बात यह भी है कि मृतकों में एक युवक नाबालिग था, जो बिना वैध अनुमति के वाहन चला रहा था।
Location : Balrampur
Published : 29 April 2026, 2:39 PM IST