मुज़फ्फरनगर में इंटीग्रेटेड कमांड कंट्रोल सेंटर का रियलिटी टेस्ट, 3 मिनट में मौके पर पहुंचीं टीमें

मुज़फ्फरनगर में श्रावण कांवड़ यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था को परखने के लिए इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर का रियलिटी टेस्ट किया गया। कंट्रोल रूम से मिले अलर्ट के बाद पुलिस, प्रशासन और संबंधित विभागों की टीमें महज 3 से 3.5 मिनट में मौके पर पहुंच गईं। अधिकारियों ने इसे बेहतर समन्वय और हाईटेक मॉनिटरिंग का उदाहरण बताया।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 1 August 2026, 1:40 PM IST

Muzaffarnagar: श्रावण कांवड़ यात्रा के बीच सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन किसी तरह की ढिलाई के मूड में नहीं है। कांवड़ मार्ग पर हर गतिविधि पर नजर रखने के लिए बनाए गए इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर की कार्यप्रणाली का शनिवार को लाइव रियलिटी टेस्ट किया गया। कंट्रोल रूम से जैसे ही दो अलग-अलग स्थानों के लिए अलर्ट जारी हुआ, पुलिस, प्रशासन और संबंधित विभागों की टीमें महज तीन से साढ़े तीन मिनट के भीतर मौके पर पहुंच गईं।

कंट्रोल सेंटर की कार्यप्रणाली का हुआ लाइव परीक्षण

श्रावण कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा, ट्रैफिक और अन्य व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए बनाए गए इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर का अधिकारियों ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान केवल व्यवस्थाओं की समीक्षा ही नहीं की गई, बल्कि कंट्रोल रूम की वास्तविक क्षमता को परखने के लिए लाइव रियलिटी टेस्ट भी किया गया।

दो जगहों पर दिए गए टास्क

रियलिटी टेस्ट के दौरान पहला टास्क मदीना चौक पर सफाई व्यवस्था की जांच से जुड़ा था, जबकि दूसरा टास्क अस्पताल तिराहे के आसपास की व्यवस्थाओं को लेकर दिया गया। कंट्रोल सेंटर से सूचना मिलते ही संबंधित विभागों, पुलिस अधिकारियों और ड्यूटी पर तैनात मजिस्ट्रेट को तत्काल अलर्ट भेजा गया। इसके बाद सभी टीमें बिना देरी किए मौके के लिए रवाना हो गईं।

फेसबुक पर दोस्ती… ट्रेडिंग का लालच… फिर एक करोड़ की ठगी! मुज़फ्फरनगर पुलिस ने खोला साइबर गैंग का बड़ा राज”

महज 3 मिनट में मौके पर पहुंचीं टीमें

रियलिटी टेस्ट का सबसे अहम पहलू टीमों का रिस्पॉन्स टाइम रहा। अधिकारियों के अनुसार, सूचना जारी होने के बाद संबंधित टीमें करीब तीन से साढ़े तीन मिनट के भीतर मौके पर पहुंच गईं और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। प्रशासन का कहना है कि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया बेहद जरूरी होती है।

24 घंटे निगरानी कर रहा कंट्रोल सेंटर

एसपी सिटी अमृत जैन ने बताया कि इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर में सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों की 24 घंटे ड्यूटी लगाई गई है। यहां से कांवड़ यात्रा से जुड़े सभी प्रमुख मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की लगातार निगरानी की जा रही है। उन्होंने कहा कि कंट्रोल सेंटर के माध्यम से ट्रैफिक, भीड़, सफाई व्यवस्था और सुरक्षा से जुड़ी हर गतिविधि पर रियल टाइम नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी समस्या पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।

मुज़फ्फरनगर में तड़तड़ाई गोलियां, पुलिस-बदमाश मुठभेड़ में लूट का आरोपी घायल

बेहतर समन्वय का मिला संदेश

इस सफल रियलिटी टेस्ट के बाद प्रशासन का कहना है कि पुलिस, प्रशासन और अन्य विभागों के बीच बेहतर समन्वय देखने को मिला। सभी एजेंसियों ने तय समय के भीतर मौके पर पहुंचकर यह साबित किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी चुनौती से निपटने के लिए पूरी व्यवस्था सक्रिय है।

सुरक्षित कांवड़ यात्रा पर प्रशासन का फोकस

श्रावण कांवड़ यात्रा में हर साल लाखों श्रद्धालु मुज़फ्फरनगर से होकर गुजरते हैं। ऐसे में सुरक्षा, ट्रैफिक और कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती होती है। इसी को देखते हुए हाईटेक निगरानी, सीसीटीवी मॉनिटरिंग और कंट्रोल सेंटर के जरिए पूरे कांवड़ मार्ग पर नजर रखी जा रही है।

Location :  Muzaffarnagar

Published :  1 August 2026, 1:40 PM IST