
वॉशिंग सेंटर संचालक नवजोत सिंह (Image Source: Dynamite News)
Rampur: उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले में शनिवार शाम दिनदहाड़े हुई हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। मिलकखानम थाना क्षेत्र के कुम्हरिया कलां गांव के अड्डे पर कार सवार बदमाशों ने वॉशिंग सेंटर संचालक नवजोत सिंह (29) की गोली मारकर हत्या कर दी। हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिसमें सीने पर चार गोलियां लगने से वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी कार से बिलासपुर की ओर फरार हो गए।
जानकारी के मुताबिक, टाहकलां गांव निवासी निशान सिंह के बेटे नवजोत सिंह का मिलकखानम-बिलासपुर मार्ग पर कुम्हरिया कलां गांव के अड्डे पर गिल कार वॉशिंग सेंटर है। शनिवार शाम करीब साढ़े चार बजे वह अपने सेंटर पर बैठे थे। इसी दौरान कार सवार कुछ लोग वहां पहुंचे और उतरते ही उन पर गोलियां चला दीं।
महराजगंज में बच्चों की वायरल वीडियो अपील पर एक्शन, जिलाधिकारी के निर्देश पर दूर हुई जलभराव की समस्या
फायरिंग में नवजोत सिंह के सीने पर चार गोलियां लगीं। वह खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़े। आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, इससे पहले ही हमलावर कार में बैठकर मौके से भाग निकले। कुछ ही देर बाद नवजोत की मौत हो गई।
सूचना मिलने पर थाना पुलिस, क्षेत्राधिकारी और अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। डॉग स्क्वायड की टीम ने भी मौके पर जांच-पड़ताल की।
नवजोत सिंह की हत्या की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। सबसे दर्दनाक पल तब आया, जब उनकी मां जगदीश कौर ने सीसीटीवी फुटेज में बेटे पर गोलियां चलने का दृश्य देखा। बेटे को अपनी आंखों के सामने गोली लगते देखकर वह बदहवास हो गईं।
सुलतानपुर में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, मुठभेड़ के बाद गोकशी के दो शातिर अपराधी भेजे गए जेल
मां की हालत देखकर परिवार की महिलाओं और अन्य रिश्तेदारों ने उन्हें संभालने की कोशिश की। घर में चीख-पुकार मच गई और परिजन रोते-बिलखते रहे। इस घटना से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। पुलिस अब घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने की तैयारी कर रही है, ताकि हमलावरों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके।
बताया जाता है कि करीब तीन साल पहले नवजोत सिंह की पत्नी की मौत हो गई थी। जानकारी के अनुसार, पत्नी ने अपने मायके में जहर खा लिया था। इसके बाद उसके मायके वालों ने हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया था। इस मामले में रिपोर्ट दर्ज हुई थी और नवजोत को जेल जाना पड़ा था। वह करीब डेढ़ साल पहले जमानत पर बाहर आया था।
इसके बाद नवजोत ने अपने से करीब 16-17 साल बड़ी एक विधवा महिला से शादी कर ली थी। महिला तीन बच्चों की मां बताई जाती है। यह भी बताया गया है कि दोनों के बीच पहले से संबंध थे और महिला करीब डेढ़ साल पहले नवजोत के साथ रहने लगी थी।
पुलिस इन पुराने घटनाक्रमों और संभावित रंजिश समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है। हालांकि, इन घटनाओं का शनिवार की हत्या से कोई संबंध है या नहीं, इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है। सीओ हर्षिता सिंह के मुताबिक, पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। हत्या की असली वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
Location : Rampur
Published : 11 October 2026, 4:36 PM IST